- कृषि समूह और रीपा योजना की कलेक्टर ने की समीक्षा
- रीपा योजना अंतर्गत चिन्हित गौठान में नर्सरी करें तैयार
- पर्याप्त मात्रा में वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
- गोबर पेन्ट यूनिट लगाने के लिए कहा
राजनांदगांव 17 अप्रैल 2023। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कृषि समूह और रीपा योजना की समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि गोधन न्याय योजना अंतर्गत गौठान आजीविका मूलक गतिविधियों का केन्द्र बन रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम निर्धारित करें। महिला समूह को अवसर उपलब्ध कराते हुए विशेष प्रशिक्षण देने के साथ ही स्थानीय मांग और बाजार की उपलब्धता के आधार पर उत्पाद तैयार किया जाएं। कलेक्टर ने जिले के अंतर्गत चिन्हित रीपा योजना अंतर्गत गौठान में किए जा रहे गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रीपा अंतर्गत चिन्हित गौठान में विशेष गतिविधियों का संचालन करें। योजना अंतर्गत कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन में संचालित योजनाओं का बेहतरीन क्रियान्वयन करें। अगरबत्ती निर्माण, मसाला यूनिट, ईट निर्माण, सिलाई, कढ़ाई, कारपेंटर के अलावा सब्जी उत्पादन व मौसम आधारित गतिविधियों का संचालन करें। गौठान में मिलेट से संबंधित उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए। मिलेट के उत्पाद को स्थानीय बाजार में विक्रय के लिए प्लेटफार्म तैयार करें। रीपा अंतर्गत चिन्हित गौठानों में प्रशिक्षण केंद्र का संचालन भी करें। प्रशिक्षण केंद्र में आसपास के ग्राम पंचायतों के महिला समूहों को समय-समय पर व्यवसायिक प्रशिक्षण देकर आर्थिक उन्नयन के लिए प्रोत्साहित करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मानसून के पूर्व वर्मी कम्पोस्ट के लक्ष्य को पूरा कर लिया जाए। कोई भी वर्मी कंपोस्ट टांका खाली ना रहे और पर्याप्त मात्रा में वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन हो यह सुनिश्चित करें। रीपा अंतर्गत गोबर पेंट बनाने की यूनिट लगाएं, जिससे सभी शासकीय उपक्रमों में गोबर पेंट का उपयोग किया जा सके। सभी प्रकार के निर्माण कार्यों में गोबर पेंट का उपयोग किया जाए। कलेक्टर ने सभी रीपा के लिए चिन्हित गौठानों में नर्सरी तैयार करने कहा है। यहां तैयार किए गए पौधों को मानसून के दौरान निर्धारित स्थानों में रोपित करने का कार्य किया जा सकेगा। उन्होंने इस बात पर विशेष ध्यान रखने कहा कि गौठान आजीविका मूलक गतिविधियों का विकसित केंद्र बने और महिला समूह को निरंतर रोजगार की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कुमार ने रीपा अंतर्गत किए जा रहे रोजगार मूलक कार्यक्रम और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गौठानों में मल्टीएक्टीविटी संचालित हैं। समूह की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए हरसंभव कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री नागेश्वरलाल पाण्डे, सहायक संचालक उद्यानिकी श्री राजेश शर्मा, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. यूएस श्रीवास्तव, सहायक संचालक मत्स्य पालन श्रीमती गीतांजलि गजभिए सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Sub editor