राजनांदगांव। तेज रफ्तार से दौड़ रही दो बाइक भिड़ गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, वहीं दूसरा गंभीर रूप से जख्मी है। सूचना पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक गंडई क्षेत्र के कुकुरमुड़ा चौक के समीप सोमवार सुबह तकरीबन पौने 11 बजे दो बाइक सीजी 08 वाई 2103 तथा सीजी 07 ए जे 3115 में भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों वाहनो के चालक दूर जा गिरे। मौके पर उपस्थित लोगो ने तत्काल घटना की सूचना 112 को दिया। कुछ समय बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर दोनों घायलो को स्वास्थ्य केन्द्र छुईखदान लेकर आई। जहां दल्ली निवासी गैंदलाल वर्मा उम्र 51 को मृत घोषित कर दिया गया तथा दौजरी निवासी मोहनलाल जंघेल उम्र 55 वर्ष के सीने, पैर, कमर में गंभीर चोट आई है। जिसका प्राथमिक उपचार कर जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है।
हवा में उड़ रही धान की भूसी बनी हादसे की वजह
राहगिरों और स्थानीय ग्रामीणों की माने तो धान मिंजाई के दौरान हवा में उड़ने वाली भूसी के कारण हादसा हुआ है। घटना के वक्त पास में ही धान की मिंजाई हो रही थी। जिसकी भूसी सड़क पर उड़ रही थी। कुछ कृषक थ्रेसर मशीन से धान की मिंजाई सड़क किनारे करते है। जिसकी भूसी सड़को पर उड़ती रहती है। जिससे वाहन चलाने में काफी परेशानी होती है। रात के वक्त यह समस्या और गंभीर हो जाती है। दुर्घटना की आशंका रहती है। ग्रामीणो ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे धान और अन्य फसल मिंजाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।


