IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow
  • उद्यानिकी विभाग किसानों के लिए बड़ा लाभ कमाने का बन सकता जरिया
  • कलेक्टर ने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों की ली बैठक

राजनांदगांव 03 अगस्त 2022। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने आज कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर किसानों के आय में बढ़ोतरी करने के साथ ही उनके आय का नियमित स्रोत सृजन करने के लिए आवश्यक चर्चा करने के साथ ही महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कलेक्टर ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि धान के बदले अन्य फसलों को लेने के लिए किसानों को प्रेरित और उत्साहित करें। जिले में अब तक वर्तमान में धान के बदले अन्य फसल ले रहे किसानों की संख्या की उन्होंने जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि किसान मेहनतकश होते हैं। उन्हें अच्छे मार्गदर्शन और सुझाव मिलने पर वह अन्य फसल के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके लिए उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों को आवश्यक सुझाव और सलाह देने कहा। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जिले में अभी वर्तमान में फसलों की स्थिति, जिले में बोए गए फसलों के रकबा की जानकारी ली।
कलेक्टर ने पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को कृषि के साथ ही पशुपालन करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करें। पशुपालन के लिए लगाव रखने वाले किसानों को योजना अंतर्गत पशुपालन के लिए ऋण स्वीकृति और अनुदान स्वीकृत करें। उन्होंने जिले के सभी विकासखंड में कम के कम 2 गौठानों में बड़े स्तर पर पशुपालन को बढ़ावा देने कहा। इस दौरान उन्होंने मुर्गीपालन, बटेर पालन के लिए भी प्रेरित करने कहा है। इसी तरह कलेक्टर ने मछलीपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि अपनी निजी जमीन पर डबरी निर्माण कर मछलीपालन के लिए तैयार किसानों को इसका लाभ मिले। उन्होंने कहा कि बंद खनिज खदानों में आवश्यक जांच पड़ताल और जरूरी कार्रवाई कर मछलीपालन के लिए प्लान तैयार करें। उद्यानिकी विभाग से कहा कि किसानों को इस क्षेत्र में जोडऩे से बड़ा लाभ कमाने का जरिया बन सकता है। उद्यानिकी अधिक आमदनी देने वाला क्षेत्र है। अगर किसान इस क्षेत्र से जुड़े तो अच्छी आमदनी अर्जित कर सकते हैं। बैठक में कलेक्टर ने इन सभी विभागों में संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि योजना अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कृषि सेक्टर के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की संख्या, योजना अंतर्गत लक्ष्य और स्वीकृत प्रकरणों की भी समीक्षा की। इस अवसर पर उप संचालक पशुपालन डॉ. राजीव देवरस, सहायक संचालक मत्स्य पालन श्रीमती गीतांजलि गजभिये, सहायक संचालक उद्यानिकी श्री राजेश शर्मा, सहायक संचालक कृषि श्री टीकम ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

By Amitesh Sonkar

Sub editor

error: Content is protected !!