राजनांदगांव. जिले में स्कूल-कॉलेज स्तर पर एनसीसी कैडेटों को दी जा रही टे्रनिंग का वार्षिक ऑडिट करने के लिए बीते मंगलवार को रायपुर से ब्रिगेडियर आशीष कुमार दास राजनांदगांव पहुंचे थे। वे कृष्णा विहार स्थित एनसीसी के ३८वीं बटालियन में पहुंचकर जिले में एनसीसी को लेकर दी जा रही ट्रेनिंग की ऑडिट किए। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चों में जोश और जज्बे की कमी नहीं है। ये कैडेट प्रदेश या राष्ट्रीय स्तर के कैंप में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। इन कैडेटों को ट्रेनिंग देने वाले शिक्षक व अफसर भी उत्साहित और जोशिले हैं। उन्होंने बताया कि रायपुर गु्रप के अंतर्गत ऐसे १६ यूनिट हैं, जिसका वे लगातार निरीक्षण करते हैं। राजनांदगांव का बटालियन बड़ा है और यहां के बच्चे भी अन्य जगहों से शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत हैं।
इस दौरान बटालियन के अधिकारी-कर्मचारी और कैडेट मौजूद रहे। कुछ कैडेटों को बेहतर कार्य और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बैच लगाकर पुरस्कृत भी किया गया।
बता दें कि जिलेभर में ३८वीं बटालियन के सहयोग से स्कूल-कॉलेजों के माध्यम से लगभग ३५०० कैडेटों को ट्रेनिंग दी जा रही है। बताया गया कि कोरोना काल के चलते दो साल से कैडेटों को ऑनलाइन ही ट्रेनिंग दे रहे थे, अब उन्हें फिर से ऑफलाइन ट्रेनिंग दी जा रही है। ब्रिगेडियर दास ने बताया कि कैडेटों में लीडरशिप की क्वालिटी डेवलप करने की जरूरत है। पालकों को अपने बच्चों को और छूट देने की जरूरत है, ताकि बच्चे इस फील्ड में और बेहतर कर सकें। इसके लिए भी पालकों को जागरूक किया जाएगा।
—————


