चिटफंड कंपनी में डूबी जमा पूंजी मिलने पर गिरधारी के जीवन में आई उम्मीद की रोशनी
- मुख्यमंत्री की पहल पर अब तक 2 लाख रूपए की राशि मिली
- तहेदिल से मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद
राजनांदगांव 24 नवम्बर 2021। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम टप्पा कोलिहापुरी के श्री गिरधारी लाल साहू के जीवन में उम्मीद की रोशनी आई है। उन्होंने बताया कि चिटफंड कंपनी याल्स्को में उन्होंने अपने खेत का विक्रय कर मिली राशि 5 लाख रूपए लगाई थी। चिटफंड कंपनी याल्स्को में उनके रिश्तेदार कार्य करते थे। उन्होंने गिरधारी को इस कंपनी में राशि निवेश करने के लिए कहा। श्री गिरधारी ने बताया कि अपने रिश्तेदार की बातों में आकर तथा लालच के कारण उन्होंने इतनी बड़ी राशि इस धोखाधड़ी में गवां दी थी। गिरधारी ने कहा कि जीवन भर की जमा पूंजी के डूबने से आर्थिक दृष्टिकोण से बहुत नुकसान हुआ और हमने यह राशि मिलने की आशा छोड़ दी थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर पहले 50 हजार रूपए की राशि तथा दोबारा 1 लाख 50 हजार रूपए की राशि कुल अब तक 2 लाख रूपए प्राप्त हो गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को तहेदिल से धन्यवाद देते हुए कहा कि यह राशि मिलने पर राहत महसूस कर रहे हैं और उम्मीद है कि शेष राशि भी मिल जाएगी। अनापेक्षित रूप से यह राशि मिलने पर गिरधारी की पत्नी शारदा एवं परिवार में बहुत खुशी है। उन्होंने बताया कि वे इस दौरान मानसिक रूप से काफी परेशान रहे और इस आर्थिक क्षति से उबरने के लिए वे रायपुर में दाल मील में कार्य करने लगे।

Sub editor