कांग्रेस पार्टी के 52 लोगों ने थामा भाजपा का दामन
सभी वर्गों के साथ खड़ी है भाजपा: सुषमा बघेल
कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी के सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम एवं प्रथम आगमन पर शुक्रवार को जिले में बड़ा सदस्यता अभियान चलाया गया। अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष सुषमा गनपत बघेल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पंचराम कौशल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 52 लोगों ने कवर्धा में स्थित विश्राम भवन में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के प्रति अपना विश्वास जताया।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में युवराज नारंग एवं उनके साथी विशेष रूप से शामिल रहे। भाजपा में शामिल होने वाले नए सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों की खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा ही देश और समाज को विकास की नई दिशा देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा गरीब, पिछड़े एवं वंचित वर्गों के लिए चलाए जा रहे योजनाओं से वे प्रभावित होकर भाजपा में आए हैं।
भाजपा का गमछा पहना किया जोरदार स्वागत
इस मौके पर उन्होंने भाजपा का गमछा पहनाकर जोरदार स्वागत किया और उन्हें संगठन के उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो समाज के अंतिम पंक्ति तक खड़े व्यक्ति के हित में कार्य करती है। उन्होंने सभी नए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जन-जन तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।
विकास और सुशासन चाहती है जनता
कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष राजेंद्र जांगड़े ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल सदस्यता अभियान ही नहीं बल्कि सेवा और समाज को समर्पित भावना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि भाजपा के बढ़ते जनाधार से साफ है कि जनता विकास और सुशासन चाहती है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।

Bureau Chief kawardha

