कवर्धा: संगठन में उचित पद न मिलने से खफा युवा मोर्चा के जिला मंत्री व शहर महामंत्री समेत 7 लोगों ने पद से दिया इस्तीफा
00 युवा पॉलिटिक्स : एक दिन पहले ही युवा मोर्चा की जिला व मंडल कार्यकारिणी का हुआ था ऐलान, दूसरी ही दिन कलह हुई सार्वजनिक
फ़ोटो: पदाधिकारियों ने एक एक कर ज्ञापन सौंपा, सोशल मीडिया में पोस्ट सार्वजनिक की
कवर्धा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जिला व मंडल कार्यकारिणी का ऐलान हो गया है। सोमवार देर शाम को सूची जारी हुई और दूसरे दिन यानी मंगलवार को संगठन की कलह सार्वजनिक हो गई। संगठन में उचित पद न मिलने से खफा युवा मोर्चा के नए जिला मंत्री डोनेश ठाकुर व कवर्धा शहर महामंत्री सौरभ शर्मा समेत 7 लोगों ने पद से इस्तीफा दे दिया है।
इस्तीफा देने के पीछे संघर्षशील कार्यकर्ताओं को योग्यता अनुसार पद नहीं देने का आरोप लगाया है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष पीयूष सिंह ठाकुर ने सोमवार देर शाम को युवा मोर्चा की जिला व मंडल कार्यकारिणी की घोषणा की। जिला कार्यकारिणी में 6 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री, 6 मंत्री समेत 29 लोगों को कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया है। खिलेश्वर साहू, सोनू ठाकुर, राजकुमार मेरावी, तुकेश चंद्रवंशी, मयंक गुप्ता व मनोज बंजारे को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं विक्की अग्रवाल, विशाल शर्मा को महामंत्री व नीतिश चंद्रवंशी, सचिन गुप्ता, अरविंद वर्मा, डोनेश ठाकुर, फलित साहू व सौरथ सिंह राठौर को मंत्री और मनीराम साहू को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इनमें जिला उपाध्यक्ष डोनेश ठाकुर व कोषाध्यक्ष मनीराम ने मंगलवार को पद से इस्तीफा भी दे दिया।
14 मंडलों में अध्यक्ष की घोषणा, अनिल को बनाया कवर्धा शहर अध्यक्ष
भाजयुमो ने अपने 14 मंडलों में अध्यक्ष व महामंत्री की घोषणा की है। अनिल साहू को कवर्धा शहर मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी तरह कुकदूर मंडल में दशरथ कुंभकार, दुल्लापुर बाजार में विकास तिवारी, पंडरिया में नरेत्तम साहू, कुंडा में मनहरण साहू, पांडातराई-माेहगांव में अमित चंद्रवंशी, इंदौरी में राजू चंद्रवंशी, रणवीरपुर में मनोज वैष्णव, बोड़ला में अमित वर्मा, रेंगाखार जंगल में गजानंद यादव, भोरमदेव में दुर्गेश कुमार दुबे, पिपरिया में दीपक ठाकुर और सहसपुर लोहारा मंडल में रामचरण साहू को अध्यक्ष बनाया गया है।
सोशल मीडिया पर लिखा : संघर्षशील कार्यकर्ताओं का अंत..
भाजयुमो की जिला व मंडल कार्यकारिणी का ऐलान हाेते ही संगठन में कलह सार्वजनिक हो गई। पूर्व में शहर महामंत्री रह चुके डोनेश ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि जिले में संघर्षशील कार्यकर्ताओं का अंत हुआ। वहीं पूर्व में भाजयुमो शहर उपाध्यक्ष रह चुके सौरभ शर्मा ने लिखा कि हेलिकॉप्टर लैंडिंग हो गई। योग्यता अनुसार संगठन में जगह नहीं मिलने से कार्यकर्ताओं के साथ नाइंसाफी हुई है।
———-

B.J.M.C.
Chief Editor
Mo. No. 9752886730