- 59 समूह की 2 हजार से महिलाओं ने दी भागीदारी, 10 हजार से अधिक की जुटी भीड़
- बैंक लिंकेज के माध्यम से 2 करोड़ 42 लाख रूपए की ऋण स्वीकृति
- कामयाबी के साथ समाज मे स्थापित कर रही अपनी पहचान
राजनांदगांव 12 जनवरी 2023। जिले के डोंगरगांव विकासखंड के शासकीय स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रांगण में आज बिहान मेला का आयोजन किया गया। बिहान मेला का शुभारंभ अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं विधायक डोंगरगांव श्री दलेश्वर साहू ने किया। बिहान मेला के माध्यम से महिला समूह ने भाग लेकर अपने सामग्री और उत्पादों की प्रदर्शनी सह बिक्री की। बिहान मेला का आयोजन होने से महिलाओं को सक्रिय भूमिका के साथ अपने हुनर और कौशल का प्रदर्शन करने का मौका मिला। महिलाओं की भागीदारी से साबित हो गया है कि इनकी मुख्य भूमिका के साथ सामने आने से समाज में क्रांति आती है और समाज का विकास होता है। स्वरोजगार से जुड़कर महिला समूह अपना भविष्य सवार रही है। अपने सपनों को साकार कर रही हैं। महिला समूह कामयाबी के साथ समाज में स्थापित होकर अपने सपनों को साकार कर रही हैं। साथ ही साथ अपना पहचान बना रही हैं। आज 59 समूह की 2 हजार से अधिक महिलाओं ने बिहान मेला में हिस्सा लिया। बिहान मेला में 10 हजार से अधिक की भीड़ जुटी। महिला समूह ने आज यहां 4 लाख 11 हजार रूपए की बिक्री सह प्रदर्शनी की। महिला समूह ने आज यहां अपने अनुभव भी एक दूसरे समूह से साझा कर अन्य महिला समूहों के द्वारा उत्पादित सामग्री का अवलोकन किया। बिहान मेला में आये महिला समूह के लिए 2 करोड़ 42 लाख रूपए की बैंक लिंकेज के माध्यम से ऋण स्वीकृति दी गई। ऋण मिलने पर महिला समूह ने हर्ष जाहिर करते हुए बताया कि वे अब और आसानी के साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकेंगी। महिला समूह ने बताया कि बिहान कार्यक्रम से जुड़कर निरंतर आमदनी अर्जित कर रही हैं। महिलाओं ने बताया कि गांव से संबंध रखती हैं और खाली समय में अपना समय घर के कामकाज में ही व्यतीत करती थी। बिहान कार्यक्रम से जुड़कर वे तरह-तरह के उत्पाद बनाकर आय कमाकर अपने घर परिवार को खुशहाल बना रही हैं।
कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने महिला समूह की सामग्री और कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने महिला समूह को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला समूह कमर कस कर समाज में मुख्य भूमिका के साथ आगे बढ़कर विकास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला समूह के हुनर की पहचान कर उन्हें तराशने का कार्य किया जा रहा है। महिला समूह आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है, हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका के साथ आगे बढ़ रही हैं। आज यहां बड़ी संख्या में लोगों ने महिला समूह के उत्पादों और सामग्री की प्रदर्शनी को देखने के साथ-साथ खरीदारी की। लोगों ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पाद काफी अच्छे एवं गुणवत्तायुक्त हैं। उत्पाद बरबस ही लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। लोग बड़ी संख्या में खुशी के साथ महिला समूह की सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। आज यहां बिहान मेंला में 59 स्वसहायता समूह की 2 हजार से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया और अपने उत्पाद की प्रदर्शनी सह बिक्री किया। इनमें बिचारपुर नवागांव की स्वसहायता समूह की महिलाओं ने खिलौना सामग्री का स्टॉल लगाया।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत तिलईवार की महिला समूह ने मुरकु एवं पापड़, अमलीडीह की महिलाओं ने जैविक खेती से उत्पादित सब्जी, खपरीकला की महिलाओं ने फिनाइल, साबुन, हार्पिक, डिटर्जेंट पाउडर, खलडबरी की महिलाओं ने साड़ी की दुकान लगाया। इसी प्रकार कोटरासरार की स्वसहायता समूह की महिलाओं ने फल, जंगलपुर की महिलाओं ने मशरूम और देसी बड़ी व अगरबत्ती, किरगी की महिलाओं ने आचार, राजनांदगांव की महिलाओं ने रेडीमेड गारमेंट, रेंगाकठेरा की महिलाओं ने मिष्ठान की दुकान लगाया। इसी प्रकर बीजाभाटा की महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी व्यंजन, सोनेसरार की महिलाओं ने गुपचुप चाट, बुद्धूभरदा की महिलाओं ने गुपचुप, फास्ट फूड, तेंदूनाला की महिलाओं ने अगरबत्ती, बड़ेभूम की महिलाओं ने जिमी कांदा व अचार, सालिकझिटिया की महिलाओं ने फास्ट फूड का स्टाल लगाया। इसी प्रकार नादिया की महिलाओं ने सेनेटरी पैड, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, पेटेश्री की महिलाओं ने रेडीमेड वस्त्र, आरी की महिलाओं ने रेडीमेड वस्त्र, सोनेसरार की महिलाओं ने फैंसी साड़ी, दर्री की महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी व्यंजन व मिष्ठान, बडग़ांव की महिलाओं ने नाश्ता व चाय, करेठी कि महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी व्यंजन, ओढ़ानबांध की महिलाओं ने पापड़ अचार, कुतुलबोर्ड की महिलाओं ने पापड़, कोटरासरार की महिलाओं ने दोना पत्तल, मचान पुर की महिलाओं ने फिनाइल की दुकान लगाकर अपने उत्पादित सामग्रियों की बिक्री किया। बिहान मेला में महिला जागृति के क्षेत्र में महिलाओं को अनेकों जानकारी से अवगत कराया गया। महिलाओं को सेनेटरी पैड के उपयोग करने, साफ-सफाई रहने, टीकाकरण, समाज में पढ़ाई के महत्व से भली-भांति अवगत कराया गया। इस अवसर पर कृषि, उद्यानिकी, महिला बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाई का वितरण किया गया। जनजागृति और आधारित रिकॉर्डिंग गीत संगीत प्रस्तुत किया गया।

Sub editor