नगरीय निकाय आम एवं उप निर्वाचन में मतदाताओं के लिए जारी किया गाइड लाइन
- मतदान केन्द्रों एवं मतगणना स्थल पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से पालन करें : कलेक्टर
- मतदान केन्द्र में मोबाईल अथवा अन्य गैजेट्स ले जाना प्रतिबंधित
राजनांदगांव 19 दिसम्बर 2021। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने राजनांदगांव जिले में नगरपालिका आम एवं उप निर्वाचन 2021 के तहत नगर पालिक निगम राजनांदगांव के वार्ड क्रमांक 17 एवं नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक 1 से 20 तक में 20 दिसंबर को हो रहे मतदान एवं 23 दिसंबर हो होने वाले मतगणना के लिए सभी मतदान केन्द्रों एवं मतगणना स्थल पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने मतदान दलों, मतगणना दलों, अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक रूप से मास्क लगाने के निर्देश दिए है। मतदान केन्द्र पर मतदाता एवं मतगणना स्थल पर अभ्यर्थियों एवं उसके अभिकर्ता अपना स्वयं का मास्क उपयोग करेंगे। मतदाता द्वारा मतदान केन्द्र में मोबाईल अथवा अन्य गैजेट्स ले जाना प्रतिबंधित है।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिक निगम उप निर्वाचन के लिए नगर पालिक निगम राजनांदगांव में वार्ड क्रमांक 17 तुलसीपुर में (निर्वाचकों) मतदाताओं की कुल संख्या 4 हजार 889 है। जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या 2 हजार 494 एवं पुरूष मतदाताओं की संख्या 2 हजार 395 है। वार्ड क्रमांक 17 के लिए ठाकुर प्यारे लाल सिंह पूर्व माध्यमिक शाला (नया भवन) मध्य भाग राजनांदगांव में 5 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। नगर पालिका परिषद खैरागढ़ आम निर्वाचन के लिए मतदाओं की कुल संख्या 21 हजार 983 है। जिसमें महिला मतदाओं की संख्या 11 हजार 280 एवं पुरूष मतदाताओं की संख्या 10 हजार 703 है। कुल 20 वार्ड के लिए 20 मतदान केन्द्र बनाए गये हैं।

Sub editor