रांका में नहाने के दौरान डूबने से 8 साल के बच्चे की मौत
स्कूल से लौटने के बाद अपने भाई बहन के साथ तालाब में नहाने गया था मृतक
फोटोः मृतक राजवीर घृतलहरे
बेमेतरा: बेमेतरा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत नयापारा रांका में सोमवार को तालाब में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 1ः30 बजे की है। मृतक राजवीर पिता थनवार घृतलहरे (8) वर्ष कक्षा दूसरी का छात्र था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजवीर स्कूल से करीब 1 बजे घर आया। जहां से वह अपने भाई बहन के साथ पास के ही केलवा तालाब में नहाने चला गया।
जहां नहाने के दौरान वह तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। मृतक के तालाब में नहीं दिखने पर घबराए उनके छोटे भाई ने घर जाकर तत्काल अपने पिता को भाई के डूबने की सूचना दी। जहां बच्चे के पिता ने तालाब में स्थानीय लोगों के सहयोग से खोजबीन शुरू की। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को उनके पिता ने खोज निकाला। जहां आनन- फानन में वाहन की व्यवस्था कर बच्चें को उपचार के लिए तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डाॅक्टरो ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक का पिता मजदूरी का काम करता है। पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। घटना से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।
