IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को राशि आहरण में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए – कलेक्टर

  • कलेक्टर ने राजनांदगांव और खैरागढ़ विकासखंड के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में राशि आहरण की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
  • कलेक्टर ने बैंक में किसानों से बातचीत कर वहां मिल रही सुविधाओं की ली जानकारी
  • बैंकों को देर शाम तक राशि वितरण करने के दिए निर्देश

राजनांदगांव 03 नवम्बर 2021। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा आज राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को प्राप्त राशि आहरण के लिए बैंकों की व्यवस्था का जायजा लेने ग्राम घुमका और खैरागढ़ पहुंचे। उन्होंने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम घुमका और खैरागढ़ विकासखंड मुख्यालय के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिन्हा ने बैंक में किसानों से बातचीत कर वहां मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बैंक के अधिकारी से कहा कि किसानों को राशि आहरण में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। दीपावली से पहले किसानों को बोनस की राशि का वितरण करें। उन्होंने बैंकों को देर शाम तक राशि वितरण करने के निर्देश दिए। जिससे अधिक से अधिक किसानों को राशि का वितरण हो सके। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बैंकों में पुलिस जवान तैनात करने कहा। इस दौरान उन्होंने बैंकों में राशि उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसान एटीएम का उपयोग जरूर करें। एटीएम में राशि उपलब्धता की जानकारी चस्पा करें।
कलेक्टर श्री सिन्हा ने बैंक में किसानों से राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत मिलने वाली राशि की उपयोगिता के बारे में पूछा। घुमका निवासी किसान श्री जीवन लाल वर्मा ने खुश होकर बताया कि दीपावली के पहले राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत राशि मिलने से बहुत खुश है। तीसरे किश्त के रूप में 10 हजार रूपए की राशि मिली है। वे इस राशि से दीपावली की खरीदी और कृषि कार्य में उपयोग करेंगे।

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक घुमका के अधिकारी ने बताया कि कल 700 किसानों को लगभग 70 लाख रूपए की राशि का वितरण किया गया है। वहीं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक खैरागढ़ में 635 लोगों को लगभग 83 लाख रूपए की राशि का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक किसानों को राशि आहरण के लिए अतिरिक्त कॉउंटर की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर एसडीएम राजनांदगांव श्री अरूण कुमार वर्मा, एसडीएम खैरागढ़ श्री लवकेश ध्रुव, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ श्री सुनील वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

By Amitesh Sonkar

Sub editor

error: Content is protected !!