सिल्हाटी में कथित रूप से दोगुने दाम पर शराब बिक्री, कार्रवाई पर उठे सवाल
कवर्धा।। सिल्हाटी-स लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिल्हाटी सहित आसपास के कई गांवों में कथित रूप से अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ कोचिए बेखौफ होकर शराब निर्धारित कीमत से लगभग दोगुने दाम पर बेच रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से यह गतिविधि चल रही है और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोप है कि कभी-कभार छोटे स्तर पर कार्रवाई कर खानापूर्ति कर दी जाती है, जबकि बड़े अवैध कारोबारियों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
क्षेत्र के ग्रामीणों एवं सिल्हाटी के गणमान्य नागरिकों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक से अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने, पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
हनुमान यदु – सिल्हाटी


