*युवाओं को स्वरोजगार और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कार्य किया जा रहा है – सांसद जसवंत सिंह*
*जल जन बाइक रैली का बोड़ला में भव्य स्वागत*
*वडनगर से वाराणसी जा रही रैली का पुष्पवर्षा से स्वागत, सांसद जसवंत सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया सेवा और विकसित भारत का संदेश*
*जल संरक्षण व उपयोग को लेकर सांसद ने दी प्रेरणा*
कवर्धा।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही जल जन बाइक रैली का मंगलवार को बोड़ला में भव्य स्वागत किया गया। मध्यप्रदेश की सीमा धवईपानी में जिले के भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बाइक रैली की अगवानी करते हुए बोड़ला के हिंदू संगम परिसर पहुंचे। यहां रैली में शामिल 200 से अधिक युवाओं एवं बाइकर्स का बैंड बाजे,आतिसबाजी व पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
रैली के साथ चल रहे दाहोद, गुजरात के सांसद जसवंत सिंह सुमनभाई ने हिंदू संगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी तक निकाली जा रही यह यात्रा सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न गांवों में यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया जा रहा है।
सांसद जसवंत सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को सेवा को संगठन की शक्ति बनाते हुए विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपनी भूमिका निभानी है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और जनजातीय क्षेत्रों के विकास की दिशा में अनेक योजनाओं के माध्यम से व्यापक कार्य किए गए।
उन्होंने कहा कि वनबंधु कल्याण योजना और ज्योतिग्राम जैसी योजनाओं के माध्यम से वनांचल एवं जनजातीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया। सरकार ने जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया है। कोरोना काल में भारत ने अपनी क्षमता के अनुसार देश के साथ-साथ अन्य देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराकर मानवता की सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री आवास, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी लगातार काम हुआ है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और सामरिक क्षमता को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
*वनवासियों के साथ पंगत में बैठे सांसद*
जल जन बाइक रैली की अगुवाई कर रहे सांसद जसवंत सिंह ने बोड़ला ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र से आए बैगा आदिवासी समाज के लोगों के साथ हिंदू संगम परिसर में पंगत में बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने वनवासी समाज के लोगों से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और उनके लाभ के संबंध में चर्चा की। सांसद के साथ वनवासी समाज के लोगों का भोजन करना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इसके अलावा स्वच्छता का संदेश देते हुए सांसद ने सफाई कर्मियों को साल श्री फल दे कर सम्मन किया l
धवईपानी से कार्यकर्ताओं ने की अगवानी
मध्यप्रदेश व छग की सीमा धवईपानी से कबीरधाम जिले के भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बाइक रैली के साथ शामिल हुए और रैली को बोड़ला तक लेकर पहुंचे। हिंदू संगम परिसर में पहुंचने पर बाइक रैली का पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। रैली में गुजरात से आए बड़ी संख्या में बाइकर्स के साथ जिलेभर के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडे, यात्रा प्रभारी अवधेश चंदेल, सह प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार भट्ट, जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर एवं नितेश अग्रवाल, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष पियूष ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, वरिष्ठ नेता विदेशी राम धुर्वे, भाजयुमो जिलाध्यक्ष उमंग पांडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गुजरात से आए बाइकर्स उपस्थित रहे।


