
सिल्हाटी बस स्टैंड में भरा बारिश का पानी, आम जनता परेशान
कवर्धा/सिल्हाटी।। विकासखंड सहसपुर लोहारा, कबीरधाम। इन दिनों लगातार हो रही बारिश के कारण ग्राम पंचायत सिल्हाटी स्थित बस स्टैंड जलमग्न हो गया है। बारिश के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बस स्टैंड परिसर में पानी भरा हुआ है, जिससे आम जनता और यहां से गुजरने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बस स्टैंड परिसर में बारिश का पानी जमा है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में उन्हें इसी समस्या का सामना करना पड़ता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। आम जनता ने संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बस स्टैंड से बारिश के पानी की तत्काल निकासी कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।


