देवी-देवताओं के अपमान पर रोक लगाने करणी सेना व सर्व हिन्दू समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कवर्धा।। विभिन्न आयोजनों और शोभायात्राओं में हिन्दू देवी-देवताओं के स्वरूप के साथ हो रही छेड़छाड़ और अशोभनीय प्रस्तुतियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर करणी सेना एवं सर्व हिन्दू समाज ने जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा है।
संगठन के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि पर्व-त्यौहारों व विशेष कार्यक्रमों के दौरान झांकियों के नाम पर देवी-देवताओं के स्वरूप को विकृत कर अशोभनीय रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। सड़कों पर देवी-देवताओं के वेश में नृत्य कराने जैसे कृत्यों से सनातन धर्म के प्रतीकों का अपमान हो रहा है, जिससे हिन्दू जनमानस की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
प्रमुख मांगें और चेतावनी:
- मर्यादा का पालन: धार्मिक रैलियों और शोभायात्राओं में देवी-देवताओं के स्वरूपों के लिए गरिमामय व विशेष साज-सज्जा सुनिश्चित की जाए।
- सार्वजनिक सूचना जारी हो: जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में सार्वजनिक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं ताकि शहर में कानून और शांति व्यवस्था बनी रहे।
- कड़े विरोध की चेतावनी: भविष्य में इस प्रकार के अशोभनीय कृत्य दोहराए जाने पर करणी सेना और सर्व हिन्दू समाज द्वारा उग्र विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दीपक ठाकुर, उदय ठाकुर, प्रांजल ठाकुर, रवि सिंह परिहार सहित सर्व हिन्दू समाज और करणी सेना के प्रमुख पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।


