लोहारा विकासखंड में पंचायत स्तरीय निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग
सिल्हाटी/कवर्धा।। लोहरा विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता हनुमान यादव ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में आरोप लगाया है कि विकासखंड की अधिकांश ग्राम पंचायतों में पुल-पुलिया, एनीकट, सीसी रोड तथा भवन निर्माण जैसे कार्यों में संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं तकनीकी अधिकारियों के बीच कथित कमीशनखोरी के कारण निर्माण कार्य निम्न गुणवत्ता के किए जा रहे हैं।
हनुमान यादव ने कहा कि जिले के अन्य क्षेत्रों में जिला कलेक्टर रामगोपाल वर्मा द्वारा समय-समय पर निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया जाता है, जिससे कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी बनी रहती है। उनका आरोप है कि लोहरा विकासखंड में इस प्रकार की प्रभावी निगरानी का अभाव दिखाई देता है, जिसके कारण कुछ ठेकेदार मनमानी करते हुए निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि लोहरा विकासखंड में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही यदि किसी निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों, ठेकेदारों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित हो तथा ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों का लाभ मिल सके।
– हनुमान यादव
सिलहटी, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़)


