एक्स रिपोर्टर न्यूज़ । राजनांदगांव
आबकारी विभाग में लंबे समय से पदस्थ बाबू रामसिंह पाटिल को हटाने की मांग तेज हो गई है। इस मामले को लेकर 25 मार्च 2026 को अमित जोगी युवा मोर्चा के राजनांदगांव जिला अध्यक्ष बिलाल सौलिन खान द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। जिला अध्यक्ष ने बाबू पर शराब की ओवर रेटिंग करवाने, कमीशनबाजी करने और कोचियागिरी को संरक्षण और बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।
जिला अध्यक्ष ने ज्ञापन में बताया कि शासकीय कर्मचारी रामसिंह पाटिल राजनांदगांव आबकारी विभाग में लंबे समय से पदस्थ है। जबकि नियमानुसार प्रत्येक 3 वर्ष में शासकीय कर्मचारी का तबादला करना अनिवार्य है। आरोप लगाया गया है कि हर अवैध कार्य में बाबू की भागीदारी और योगदान रहता है। जिसके कारण आबकारी विभाग की छवि धूमिल हो रही है। बाबू द्वारा सुपरवाइजर पर दबाव डालकर कोचियागिरी और शराब की ओवर रेटिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
बाबू के द्वारा ही बार में अवैध रूप से मदिरा की सप्लाई कराई जा रही है। दूसरे राज्य की शराब बाबू के संरक्षण में ही जिले में पहुंच रही है। कर्मचारियों पर अवैध कार्य करने के लिए दबाव बनाने के मामले को लेकर पूर्व में बाबू के खिलाफ शिकायत हो चुकी है। जो भी शासकीय कर्मचारी या प्लेसमेंट कर्मी बाबू की बात नहीं मानता उसको हटा दिया जाता है। छोटे बड़े हर कार्य के लिए कमीशन की मांग की जाती है, कमीशन नहीं देने पर कार्य नहीं किया जाता है। सूचना का अधिकार के तहत जानकारी नहीं दी जाती है। राजनांदगांव में जो भी लोकेशन अफसर नियुक्त होता है वह बड़े बाबू के अनुसार नियुक्त होता है और बड़े बाबू द्वारा कुछ हिस्ट्रीशीटर और गुंडो को लाकर दुकानों से अवैध वसूली कराई जा रही है। पूर्व में कुछ सुपरवाइजर और सेल्समैन को राम सिंह पाटिल ने अपनी दुश्मनी के चलते ब्लैक लिस्ट करवा दिया है। आबकारी के सभी टेंडर बाबू के रिश्तेदारों और दोस्तों को दिए जाते हैं। इस तरह के गंभीर आरोपों से घिरे बाबू पर कार्रवाई करने और उनका स्थानांतरण करने की मांग की गई है।
*******


