
कवर्धा XReporter News।। जिले के जनपद पंचायत कवर्धा अंतर्गत ग्राम पंचायत पालीगुड़ा के आश्रित ग्राम परसवारा में शनि मंदिर के सामने तालाब में बनाए जा रहे रिटर्निंग वाल निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। यह निर्माण कार्य लगभग 18 लाख रुपये की लागत से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कराया जा रहा है।

Jcb से कार्य
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में शासन के नियमों की अनदेखी की जा रही है। मनरेगा योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना है, लेकिन यहां श्रमिकों की जगह जेसीबी मशीन से खुदाई कराई जा रही है, जिससे योजना की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इसके साथ ही निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत भी सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार 10 एमएम गिट्टी में डस्ट मिलाकर काम किया जा रहा है, जो निर्माण की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में रिटर्निंग वाल की मजबूती और टिकाऊपन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि पूरा निर्माण कार्य बिना किसी तकनीकी निगरानी के उप सरपंच द्वारा मनमानी तरीके से कराया जा रहा है। इससे सरकारी राशि के दुरुपयोग और कार्य में लापरवाही की आशंका और भी बढ़ गई है।
गांव के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस निर्माण कार्य की तकनीकी और प्रशासनिक जांच नहीं कराई गई, तो लाखों रुपये की शासकीय राशि का नुकसान हो सकता है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह कागजों में ही सिमट कर रह जाएगा।


