राजनांदगांव/मोहला। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से ‘‘निक्षय – निरामय छत्तीसगढ़’’ के तहत 100 दिवसीय पहचान एवं उपचार अभियान 2024-25 का शुभारंभ किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य टी.बी., कुष्ठ, मलेरिया जैसी बीमारियों का उन्मूलन एवं वयोवृद्ध नागरिकों की देखभाल सुनिश्चित करना है। यह अभियान 07 दिसंबर 2024 से 24 मार्च 2025 तक चार चरणों में संचालित होगा। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर के मार्गदर्शन में बुधवार को विकासखंड मोहला में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के सभी ग्रामीण चिकित्सा सहायक, सुपरवाइज़र, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, समस्त एस.टी.एल.एस., मलेरिया सुपरवाईजर, जिला समन्वयक मितानिन कार्यक्रम एवं ब्लॉक समन्वयक मितानिन कार्यक्रम के अधिकारियों/कर्मचारियों को अभियान की गतिविधियों एवं लक्ष्यों के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. एस. आर. मंडावी – मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ0 एस. आर. कोवाची – जिला नोडल अधिकारी टी.बी. एवं कुष्ठ कार्यक्रम, डॉ. विकास राठौर – जिला कार्यक्रम प्रबंधक (NHM), डॉ. आर. आर. धुर्वे, बी.एम.ओ. चौकी, श्री संतोष चंदेल (BPM) एवं श्री संदीप देवांगन (DPC) उपस्थित थे। उक्त अभियान के माध्यम से राज्य सरकार का लक्ष्य है कि टी.बी., कुष्ठ, मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित किया जाएगा, साथ ही वयोवृद्ध नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जाएँगी, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य स्थिति में समग्र सुधार हो सके।
******
