IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

संस्कारधानी राजनांदगांव कला, कलम एवं कलाई की नगरी : कलेक्टर

  • मीडिया के साथ एक परिवार की तरह महसूस हुआ
  • प्रशासनिक क्षेत्र में कार्य करने के लिए गाड़ी के चार पहिए में से एक है मीडिया
  • प्रेस एवं मीडिया सेफ्टी वाल्व की तरह
  • कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ को प्रेस क्लब के सदस्यों ने दी भावभीनी विदाई
  • कलेक्टर ने कोरोना के तीसरी लहर में टीकाकरण एवं जिला चिकित्सालय के उन्नयन एवं स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए किया कार्य : प्रेस क्लब संरक्षक श्री कोठारी
  • शासन की योजनाओं का किया बेहतरीन क्रियान्वयन : प्रेस क्लब संरक्षक श्री मिश्रा
  • शासन द्वारा प्रेस के लिए आबंटित भूमि की रजिस्ट्री एवं अन्य कार्य हुए पूर्ण – प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री सचिन अग्रहरि

राजनांदगांव 30 जून 2022। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर को आज प्रेस क्लब में प्रेस के सदस्यों ने भावभीनी विदाई दी। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि संस्कारधानी राजनांदगांव कला, कलम एवं कलाई की नगरी है। यह गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी एवं डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र की कर्मभूमि है। यहां एक वर्ष से ज्यादा कार्य करने का अवसर मिला और पीछे मुड़कर देखने एवं विश्लेषण करने पर मन में एक संतुष्टि का भाव है। प्रशासन का कार्य मुख्य रूप से समन्वय का कार्य है। जनसामान्य की बातों को सुनना तथा अपने अधीनस्थों के प्रति सकारात्मकता का भाव जरूरी होता है।

उन्होंने कहा कि कार्यों में प्रगति के लिए प्रेरणा एवं प्रोत्साहन जरूरी है। किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के लिए चार बातें जरूरी है कि अधीनस्थ के प्रति उनका भाव सकारात्मक होना चाहिए, जनसामान्य के प्रति सहज उपलब्ध रहें, जनप्रतिधियों की बात सुनें तथा मीडिया से सतत संपर्क बनाए रखें। प्रशासनिक क्षेत्र में कार्य करने के लिए यह गाड़ी के चार पहिए की तरह महत्वपूर्ण बात है। कोई समाचार नकारात्मक हो तो हम कार्य में सुधार कर उस कमी को दूर कर सकते हैं। बिना किसी पूर्वाग्रह के शासन की कमियों को प्रस्तुत करना मीडिया का महत्वपूर्ण कार्य है। प्रेस एवं मीडिया सेफ्टी वाल्व की तरह है। सकारात्मक आलोचना के साथ ही सकारात्मक दृष्टिकोण से भी देखें। प्रशासन में अच्छा कार्य करने के लिए नियम एवं परिपाटी की जानकारी के साथ ही धैर्य रखने तथा धुन का पक्के होने की जरूरत भी होती है। उन्होंने कहा कि यहां मीडिया के साथ एक परिवार की तरह महसूस हुआ। संतों के पर्व पर्यूषण का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि यदि मेरी किसी बात से किसी को दुख पहुंचा हो तो इसके लिए क्षमा चाहता हूं। स्नेह के लिए उन्होंने सभी को धन्यवाद दिया।
जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर ने कहा कि एक वर्ष सेवा देने का मौका मिला। स्थानांतरण एक शासकीय प्रक्रिया है। इस कार्यकाल के दौरान कलेक्टर का सहयोग मिला और कैसे यह एक वर्ष बीता पता ही नहीं चला तथा कोई भी कार्य नहीं रूका। कलेक्टर की दूरदर्शिता से सभी योजनाओं में काफी अच्छी स्थिति रही। विभागों ने भी अच्छा कार्य किया। यह समझने का अवसर मिला कि सकारात्मक एवं नकारात्मक दोनों प्रकार की बातों को सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया और जनसंपर्क विभाग एक परिवार की तरह महसूस हुआ। उन्होंने स्नेह और सम्मान के लिए मीडिया के साथियों को धन्यवाद दिया।
प्रेस क्लब के संरक्षक श्री सुशील कोठारी ने कहा कि कलेक्टर श्री सिन्हा ने कोरोना के तीसरी लहर में प्राथमिकता के साथ टीकाकरण एवं जिला चिकित्सालय के उन्नयन तथा स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कार्य किया और लोगों की मदद की। कई ऐसे अधूरे एवं चुनौतीपूर्ण कार्य थे जिसे उन्होंने पूरा किया। सहज रूप में उनका सभी के साथ संपर्क बना रहा। उन्होंने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जांजगीर-चाम्पा जिले में भी वे इसी तरह सफलता पूर्वक कार्य करें। प्रेस क्लब के संरक्षक श्री जितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि एक वर्ष के अल्पकाल में ही शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन सहित सामाजिक रूप से भी कई उपलब्धियां रही। उन्होंने हॉकी नर्सरी के गौरव को पुर्नस्थापित किया। हॉकी स्टेडियम एवं दिग्विजय स्टेडियम का जीर्णोद्धार हुआ। शासन की योजनाओं का बेहतरीन क्रियान्वयन करते हुए अतुलनीय कार्य किया गया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री सचिन अग्रहरि ने कहा कि कलेक्टर श्री सिन्हा परिवार के मुखिया के तौर पर प्रेस क्लब आते रहे हैं और वे यहां रचे बसे हैं। हमारे और उनके बीच आत्मीयता रही। उन्होंने बताया कि मीडिया के प्रतिनिधियों के लिए शासन द्वारा आबंटित भूमि की प्रक्रिया उलझी हुई थी। उनके आने से तेजी से रजिस्ट्री का कार्य पूरा हुआ। उनका मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहा। भले ही वह स्थानांतरण पर दुसरे जिले जा रहे हंै, लेकिन वहां से भी  वे हमारी चिंता करेंगे। इस अवसर पर प्रेस क्लब के संरक्षक श्री अशोक पाण्डे, सचिव श्री अनिल त्रिपाठी, प्रेस क्लब हॉऊसिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री अतुल श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष श्री मिथलेश देवांगन एवं प्रेस क्लब के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

By Amitesh Sonkar

Sub editor

You missed

error: Content is protected !!