फेसबुक पर हुई दोस्ती, शादीशुदा होने पर भी खुद को कुंवारा बताया, सच पता चलने पर युवती ने बात करना बंद की तो परेशान कर रहा आरोपी
00 क्राइम : सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र का मामला, पश्चिम बंगाल में आरपीएफ में आरक्षक है आरोपी
कवर्धा। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में एक युवती को जबरन मोबाइल पर मैसेज और कॉल कर परेशान करने का मामला सामने आया है। आरोपी पश्चिम बंगाल में आरपीएफ (रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स) में आरक्षक है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 509(ख) के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी शिवकुमार साह (34) रेलवे काॅलोनी चितरंजन, दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) का रहने वाला है। साल 2013 में आरोपी ने फेसबुक के जरिए पीड़िता से दोस्ती की। मोबाइल नंबर लिया और वाट्सएप चेटिंग व बातें होने लगी। शादीशुदा होने के बावजूद आरोपी खुद को कुंवारा बताते रहा। यही नहीं, पीड़ित युवती को शादी का झांसा दे रहा था। जब युवती को आरोपी के झूठ का पता चला, तो उसने बातचीत बंद कर दी। लंबे समय तक उससे बातचीत नहीं हुई। अब फिर आरोपी शिवकुमार मैसेज व कॉल कर युवती को परेशान कर रहा है। आरोपी का मोबाइल नंबर ब्लॉक करने पर वह मैसेज कर गंदी गालियां दे रहा है, जिससे युवती परेशान हो गई है। तंग आकर पीड़ित युवती ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।


