चरित्र शंका पर पिता की हत्या : गैती से हमला कर पिता को किया घायल, इलाज के दौरान मौत
थाना थानखम्हरिया के ग्राम उमरावनगर की घटना
फोटो:- 02 आरोपी मोहन साहू
बेमेतरा: 20 अक्टूबर 2021 :- थानखम्हरिया थानांतर्गत ग्राम उमरावनगर में एक कलयुगी बेटे ने चरित्र शंका में अपने पिता की गैती मारकर हत्या कर दी। घटना 18 अक्टूबर की रात 9:30 बजे की है। जहां इलाज के दौरान बुरी तरह घायल बुजुर्ग की अस्पताल में
मौत हो गई।
थानखम्हरिया थाना प्रभारी नासिर खान ने बताया कि मृतक छबि लाल साहू उम्र (65) साल ग्राम अमलडीह थाना पिपरिया चौकी दशरंगपुर का मूल निवासी था। जो करीब पिछले 2 साल से ग्राम उमरावनगर के फार्म हाउस में चौकीदारी का काम करता था। आरोपी मोहन साहू अपनी पत्नी को (मृतक) पिता के साथ आपत्ति जनक हालत में देख लिया था। जिसको लेकर पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना की रात मृतक खाना खाकर छत में सोया हुआ था। 18 अक्टूबर को आरोपी मोहन साहू उमरावनगर पहुँचा। जहाँ की रात 9:30 बजे पुरानी बातों को लेकर अपने पिता से विवाद कर जान से मारने की धमकी देने लगा। इस दौरान गुस्से में आकर आरोपी मोहन ने अपने बुजुर्ग पिता छबिलाल पर चाय बनाने की केतली से हमला कर दिया। जिससे मृतक जान बचाने भागने लगा। आरोपी ने पिता का पीछा करते हुए ईट से फिर हमला कर दिया। इस दौरान मृतक की पत्नी रामप्यारी बीच बचाव करने पहुँची। लेकिन गुस्से में आरोपी ने उसे भी धक्का दे दिया। इस दौरान आरोपी ने पास में रखे गैती से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे मृतक गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजनों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान अस्पताल में बुजुर्ग की हो गई मौत
थाना प्रभारी नासिर खान ने बताया आरोपी ने गैती से मारकर बुजुर्ग को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जानकारी होने पर आसपास के लोग पहुँचे और गैती को आरोपी के हाथ से छीना। साथ ही आरोपी को ग्रामीणों ने समझाने का प्रयास किया। लेकिन उसके बावजूद आरोपी बुजुर्ग को लातों से मारता रहा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जहाँ पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग छबीलाल को इलाज के लिए थानखम्हरिया के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने थोड़ी देर बाद बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।
1 सप्ताह पहले आरोपी ने की थी पत्नी की जमकर पिटाई
पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र शंका करता था। जिसको लेकर आए दिन दोनों के बीच विवाद होता था। आरोपी अपनी पत्नी के साथ अमलडीह मे रहता था। 1 सप्ताह पहले आरोपी ने पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। इससे उनकी पत्नी का मुंह पिटाई की वजह से सूज गया था। इसकी जानकारी मृतक के छोटे बेटे ने अपने पिता को दी। जिसको लेकर मृतक अपने बेटे को बहू से मारपीट नहीं करने समझा रहा था। मृतक की पत्नी रामप्यारी की रिपोर्ट पर आरोपी मोहन साहू उम्र (35) साल के खिलाफ धारा 302 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया।
