कांग्रेस नेता तुकाराम के खिलाफ हुए समाज के लोग और ठेकेदार, गड़ई में सैकड़ों लोगों ने किया घेराव, सामाजिक बहिष्कार की उठी मांग
कवर्धा।। कवर्धा क्षेत्र में रील राजनीति और कथित अनैतिक गतिविधियों को लेकर चंद्रनाहु कुर्मी समाज में आक्रोश गहराता जा रहा है। तुकाराम चंद्रवंशी के विरोध में पूरा समाज एकजूट होकर सड़कों पर उतर आया है। ग्राम गड़ई में जिला अध्यक्ष सहित सैकड़ों की संख्या में सामाजिक बंधुओं ने एकत्र होकर तुकाराम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने उनके सामाजिक बहिष्कार की मांग भी उठाई है।

रील बाजी, ब्लैकमेलिंग और घोटालों का आरोप
प्रदर्शन कर रहे सामाजिक लोगों का आरोप है कि तुकाराम चंद्रवंशी लगातार सोशल मीडिया पर रील बाजी कर समाज की छवि धूमिल कर रहे हैं। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि तुकाराम रील के माध्यम से ब्लैकमेलिंग करते हैं और अपने ही सामाजिक बंधुओं को निशाना बनाते हैं। इसके अलावा, उन पर अपनी राइस मिल में कथित घोटाले और पूर्व में कई बार मारपीट की घटनाओं में शामिल होने के भी गंभीर आरोप हैं। सामाजिक लोगों का कहना है कि इन मामलों में प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न होने से उनका मनोबल बढ़ा है।
दिग्गज नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी
गड़ई में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व चंद्रनाहु कुर्मी समाज के जिला अध्यक्ष सतीश चंद्रवंशी ने अपने पदाधिकारियों के साथ किया। इसके अलावा, पंडरिया से कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रत्याशी नीलू चंद्रवंशी भी सैकड़ों सामाजिक लोगों के साथ तुकाराम के विरोध में मोर्चा संभालने पहुंचे। कांग्रेस से जुड़े कई अन्य लोग भी इस सामाजिक विरोध में शामिल हुए।
विरोध की भनक लगते ही गांव छोड़कर गायब तुकाराम
प्रदर्शन के दौरान यह बात भी चर्चा का विषय बनी रही कि समाज के एकजुट होने और भारी विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही तुकाराम चंद्रवंशी अपना गांव छोड़कर कहीं अन्यत्र भाग निकला।
समाज के प्रमुखों का कहना है कि यदि तुकाराम अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होती है, तो समाज आगे और बड़ा आंदोलन करने को विवश होगा।


