श्री पीपलेश्वर महादेव मंदिर में हर्षाल्लास के साथ संपन्न हुई हरछठ पूजा
कवर्धा।। तालाब पार करपात्री चौक स्थित श्री पीपलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हलषष्ठी (हरछठ) पूजा का भव्य आयोजन किया गया। भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र की माताओं और बहनों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर समिति के उपाध्यक्ष सोनू निषाद ने जानकारी देते हुए बताया कि हरछठ का यह पावन पर्व मंदिर में प्रतिवर्ष परंपरा अनुसार मनाया जाता है। इस बार भी आसपास के पूरे मोहल्ले से सैकड़ों की संख्या में माताएं मंदिर प्रांगण में एकत्रित हुईं। पूजा अनुष्ठान का शुभारंभ दोपहर 1:00 बजे हुआ, जो अपराह्न 4:00 बजे संपन्न हुआ।
पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंदिर के पुजारी ने बताया कि हलषष्ठी (हरछठ) का व्रत माताओं द्वारा मुख्य रूप से अपनी संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और हर प्रकार के संकट से उनकी रक्षा की कामना के लिए रखा जाता है।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भगवान शिव और माता पार्वती के जयकारों से गुंजायमान रहा। पूजा के समापन पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।


