अभाविप की बहनों ने सैनिक जवानों एवं पुलिसकर्मियों को बांधी राखी
कवर्धा।। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कबीरधाम इकाई कवर्धा की कार्यकर्ता बहनों द्वारा सरेखा स्थित 17वीं विशेष (भा/र) वाहिनी छत्तीसगढ़ बल में पहुंचकर वीर जवानों को राखी बांधी गई।
अपने घर-परिवार से दूर रहकर देश और समाज की सुरक्षा में दिन-रात समर्पित रहने वाले जवानों को बहनों ने राखी बांधते हुए कहा कि भले ही आपका परिवार आपसे दूर है, लेकिन हम सभी आपकी बहनें हैं और आप हमारे अपने भाई हैं। इस भाव के साथ 50 से अधिक कार्यकर्ता बहनों ने जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
इसके पश्चात कवर्धा स्थित कोतवाली थाना, एसीपी कार्यालय एवं नगर पालिका के सफाई कर्मियों को भी राखी बांधकर उनके सेवा एवं समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
नगर उपाध्यक्ष अदिति मिश्रा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की रक्षा में अपना योगदान देने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता और आत्मीयता व्यक्त करने का भी अवसर है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला संयोजक मानस मिश्रा, विद्यार्थी विस्तारक मन साहू, नगर मंत्री गजेंद्र राजपूत, नगर उपाध्यक्ष अदिति मिश्रा सहित बहनें गुनगुन निर्मलकर, सोनाली पांडेय, पिहू मिश्रा, इंदु राजपूत एवं अन्य कार्यकर्ता बहनें उपस्थित रहीं।


