IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

*भारतीय मजदूर संघ महामंत्री के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट घेराव एवं प्रदर्शन*

कवर्धा।। श्रमिकों की विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं को लेकर भारतीय मजदूर संघ जिला कबीरधाम के जिला महामंत्री के नेतृत्व में आज जिला कलेक्ट्रेट का घेराव एवं प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में पंडरिया शक्कर कारखाना के श्रमिकों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं तथा जिले के विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई तथा शासन-प्रशासन से शीघ्र निराकरण की मांग की।

पंडरिया शक्कर कारखाना के श्रमिकों की मांग

भारतीय मजदूर संघ ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया में प्रत्येक वर्ष जुलाई माह में श्रमिकों की कार्य पर वापसी होती रही है, लेकिन इस वर्ष अधिकतर श्रमिकों को अभी तक कार्य पर वापस नहीं लिया गया है। संगठन ने सभी पात्र श्रमिकों को तत्काल कार्य पर वापस लेने तथा उनकी रोजगार सुरक्षा एवं सेवा निरंतरता सुनिश्चित करने की मांग की।

साथ ही कारखाना में समान काम के लिए समान वेतन लागू करने तथा न्यूनतम वेतन ₹30,000 प्रतिमाह करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

ललित चन्द्रवंशी की आईडी डिलीट किए जाने का विरोध

प्रदर्शन के दौरान पंडरिया शक्कर कारखाना के इकाई महामंत्री श्री ललित चन्द्रवंशी की आईडी डिलीट किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

संगठन ने मांग की कि श्री ललित चन्द्रवंशी की आईडी तत्काल बहाल की जाए तथा उन्हें पूर्ववत कार्य पर लिया जाए। भारतीय मजदूर संघ ने कहा कि श्रमिक प्रतिनिधि के साथ इस प्रकार की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

लंबित भुगतान एवं सामाजिक सुरक्षा

संगठन ने श्रमिकों के लंबित वेतन, बोनस, एरियर्स एवं अन्य वैधानिक भुगतान का तत्काल निराकरण करने तथा श्रमिकों को EPF, ESI, बोनस, ग्रेच्युटी एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का पूर्ण लाभ देने की मांग की।

आंगनबाड़ी एवं स्कीम वर्करों की मांगें

प्रदर्शन में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं एवं स्कीम वर्करों की मांगों को भी प्रमुखता से उठाया गया। स्कीम वर्करों को मजदूर की श्रेणी में शामिल करने, सामाजिक सुरक्षा एवं न्यूनतम मजदूरी का लाभ देने तथा न्यूनतम मजदूरी ₹30,000 प्रतिमाह करने की मांग की गई।

आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं के लिए सेवानिवृत्ति लाभ, सामाजिक सुरक्षा, पदोन्नति एवं अन्य सुविधाओं की मांग भी रखी गई।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के पश्चात जिला कलेक्टर के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में श्रमिकों की विभिन्न मांगों का उल्लेख करते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की गई।

भारतीय मजदूर संघ जिला कबीरधाम के जिला महामंत्री ने कहा कि श्रमिकों के अधिकार, रोजगार, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े इन मुद्दों को लेकर संगठन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर संगठन द्वारा आगामी रणनीति तय की जाएगी।

 

error: Content is protected !!