IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

शासकीय हाई स्कूल गौरमाटी में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

कवर्धा।। शासकीय हाई स्कूल गौरमाटी में 15 अगस्त 2026, शनिवार को 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः जनप्रतिनिधियों, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति में भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं महापुरुषों के तैल चित्रों की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर की गई। तत्पश्चात ध्वजारोहण किया गया एवं सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन किया गया।

प्रभात फेरी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों द्वारा वाद्ययंत्रों के साथ प्रभात गीत एवं देशभक्ति नारे लगाते हुए ग्राम का भ्रमण किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत, कविता एवं भाषण प्रस्तुत कर सभी को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

प्राचार्य का उद्बोधन

संस्था के प्राचार्य कृष्ण कुमार वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देना है। उन्होंने नशामुक्त समाज एवं “उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम” के तहत सभी को साक्षर बनाने का आह्वान किया।

मेधावी छात्रों एवं सहयोगियों का सम्मान

हाईस्कूल परीक्षा 2025-26 में 96% अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र नमन साहू को जनपद सदस्य श्री कुलदीप मार्कण्डेय ने ₹5000 नगद राशि एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री टहल राम साहू ने नमन साहू को ₹1100 नगद प्रदान किए।

विद्यालय में प्रथम स्थान नमन साहू, द्वितीय स्थान कु. प्रतीक्षा सिंह राजपूत एवं तृतीय स्थान भूपेन्द्र साहू को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

विद्यालय की सुरक्षा के लिए मुख्य द्वार दान करने वाले दानवीर उप-सरपंच छन्नूलाल साहू, मैदान समतलीकरण में सहयोग के लिए  तुलसीराम साहू एवं पंखा दान करने वाले बिसेसर साहू को भी सम्मानित किया गया।

विद्यालय विकास में निरंतर सहयोग के लिए जनपद सदस्य कुलदीप मार्कण्डेय, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष टहल राम साहू एवं वल्लभ सिंह बैस तथा बालिका शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं शासन की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए वरिष्ठ व्याख्याता सरोज बाला बनाफर, एस. कुमार मिर्चे एवं जयप्रकाश साहू को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए। सरपंच ग्राम पंचायत गौरमाटी द्वारा सभी उपस्थितजनों को मिष्ठान वितरण किया गया।

आभार प्रदर्शन

कार्यक्रम के अंत में व्याख्याता सरोज बाला बनाफर ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन से हम भारत के भविष्य को अच्छे संस्कारों की शिक्षा देकर निष्ठावान नागरिक बना सकते हैं।

इस प्रकार संपूर्ण कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

You missed

error: Content is protected !!