*कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर के साथ एबीवीपी कवर्धा की नई नगर कार्यकारिणी घोषित।*
*गजेंद्र सिंह राजपूत बने नगर मंत्री।*
कबीरधाम । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कवर्धा नगर इकाई का एक दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर नगर के विवेकानंद वाचनालय में मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री मनोज ठाकुर एवं प्रदेश सहमंत्री एवं विभाग संयोजक अमन बृज नामदेव, जिला संयोजक मानस मिश्रा, प्रांत कार्यसमिति सदस्य गजेंद्र वर्मा तथा नगर सहमंत्री गजेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण शिविर में संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा, व्यक्तित्व विकास, कार्यकर्ता व्यवहार एवं संगठनात्मक दायित्वों जैसे विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया गया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश सहमंत्री एवं विभाग संयोजक अमन बृज नामदेव ने कहा कि कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि संगठनात्मक संस्कार, वैचारिक स्पष्टता, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनने का संकल्प लेकर कार्य करता है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के प्रत्येक सत्र में पूर्ण अनुशासन, सक्रिय सहभागिता एवं सीखने की जिज्ञासा के साथ भाग लें तथा प्राप्त ज्ञान और संगठनात्मक अनुभव को अपने-अपने महाविद्यालय एवं क्षेत्र में प्रभावी रूप से क्रियान्वित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास, संगठन विस्तार एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।
द्वितीय सत्र में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक मानस मिश्रा ने “अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का इतिहास” विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद की स्थापना राष्ट्रहित, छात्रहित एवं समाजहित के उद्देश्यों को लेकर हुई थी। उन्होंने परिषद की गौरवशाली यात्रा, विभिन्न राष्ट्रीय आंदोलनों में संगठन की सक्रिय भूमिका, संगठन के वैचारिक आधार तथा छात्रशक्ति को राष्ट्रशक्ति के रूप में विकसित करने के प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिषद का इतिहास केवल संघर्षों और उपलब्धियों का विवरण नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की तपस्या, त्याग और सेवा का प्रेरक इतिहास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन के इतिहास और परंपराओं से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें तथा विद्यार्थी परिषद की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लें।
तृतीय सत्र में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गजाधर वर्मा ने “कैंपस कार्य एवं कार्यकर्ता व्यवहार” विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता अपने आचरण, अनुशासन, सेवा भावना एवं सकारात्मक व्यवहार से संगठन की पहचान स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के मध्य निरंतर संपर्क, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता, शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता तथा संगठनात्मक मर्यादाओं का पालन ही सफल कैंपस कार्य की आधारशिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे विनम्रता, संयम, संवाद और समर्पण के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक विद्यार्थी का विश्वास अर्जित करें तथा अपने व्यवहार और कार्यशैली से परिषद के आदर्शों एवं राष्ट्रवादी विचारों को प्रभावी रूप से समाज के समक्ष प्रस्तुत करें।
समापन सत्र में नगर सह मंत्री गजेंद्र सिंह ने मंत्री प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए गत कार्यकाल में संगठन द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों, आंदोलनों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तृत विवरण रखा। इसके पश्चात निर्वाचन अधिकारी के रूप में उपस्थित भारत स्काउट एवं गाइड्स के जिला मुख्य आयुक्त सचिन गुप्ता ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कवर्धा की नवीन नगर कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए गजेंद्र सिंह राजपूत को नगर मंत्री का दायित्व सौंपा तथानगर सह मंत्री प्रिंस नाथ योगी, अनिल यादव बलराम साहू, महाविद्यालय प्रमुख, अक्षय गुप्ता सह प्रमुख प्रशंस वर्मा , नगर कार्यालय मंत्री अनुराग साहू, सोशल मीडिया प्रमुख अमित झारिया नगर विद्यालय प्रमुख आनन्द चंद्रवंशी छात्रावास प्रमुख किशन कौशिक , sfd प्रमुख दानेश्वर, SFS प्रमुख दक्ष नाथ योगी सहित अन्य कार्यकर्ताओं के दायित्व सौंपा गया
नवनियुक्त नगर मंत्री गजेंद्र सिंह राजपूत ने अपना मनोगत व्यक्त करते हुए संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा व्यक्त विश्वास के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे परिषद की विचारधारा को प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुँचाने एवं छात्रहित के प्रत्येक विषय पर प्रभावी कार्य करने के लिए पूरी टीम के साथ समर्पित भाव से कार्य करेंगे। अंत में उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ हुआ। इसी के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कवर्धा की नवीन नगर कार्यकारिणी की विधिवत घोषणा एवं एक दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।


