*दुर्ग विश्वविद्यालय से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर अभाविप कबीरधाम ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन*
कवर्धा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कबीरधाम जिला के प्रतिनिधिमंडल ने दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलपति से सौजन्य भेंट कर जिले के विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु ज्ञापन सौंपा। इस दौरान छात्रहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से कबीरधाम जिले में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की शाखा स्थापित करने, विषय चयन संबंधी समस्याओं के समाधान, महाविद्यालयों में स्थायी प्राचार्यों की नियुक्ति, स्नातकोत्तर कक्षाओं के संचालन, दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सुविधा हेतु परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, उत्तरपुस्तिका की प्रतिलिपि शुल्क में कमी तथा एटीकेटी परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए जाने जैसे विषयों को प्रमुखता से रखा गया।
जिला संयोजक मानस मिश्रा ने कहा कि कबीरधाम जिले के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए बार-बार दुर्ग जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समय एवं आर्थिक दोनों प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जिले में विश्वविद्यालय की शाखा स्थापित होने से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने छात्रहित से जुड़े विषयों पर शीघ्र एवं सकारात्मक कार्यवाही करने की मांग की।
वहीं प्रांत कार्यसमिति सदस्य गजाधर वर्मा ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं को रखते हुए कहा कि छात्र हित सर्वोपरि होना चाहिए तथा विश्वविद्यालय को विद्यार्थियों की सुविधाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने परीक्षा, परिणाम एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
कुलपति ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत सभी विषयों को गंभीरता से सुना तथा छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने कबीरधाम जिले में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की एक शाखा स्थापित किए जाने की दिशा में आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन भी दिया। बैठक के दौरान विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा उनके निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने पर सहमति बनी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक मानस मिश्रा, प्रांत कार्यसमिति सदस्य गजाधर वर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ईश्वर वर्मा, प्रिंस नाथ योगी, गजेंद्र सिंह राजपूत सहित अभाविप के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से त्वरित एवं सकारात्मक कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की।


