मानस मिश्रा बने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कबीरधाम जिला संयोजक
कवर्धा। राजिम में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रांत अभ्यास वर्ग के समापन अवसर पर संगठनात्मक घोषणाएं की गईं। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष विकास पांडेय द्वारा विभिन्न दायित्वों की घोषणा करते हुए युवा छात्र नेता मानस मिश्रा को कबीरधाम जिला संयोजक का दायित्व सौंपा गया।
मानस मिश्रा विद्यार्थी परिषद के एक सक्रिय, कर्मठ एवं समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन में प्रांत सोशल मीडिया संयोजक, प्रांत सोशल मीडिया सह-संयोजक सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। संगठन के विभिन्न अभियानों, कार्यक्रमों एवं छात्रहित के विषयों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनकी कार्यक्षमता, संगठन के प्रति समर्पण एवं नेतृत्व क्षमता को देखते हुए परिषद ने उन्हें कबीरधाम जिले का यह महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया है।
मानस मिश्रा की नियुक्ति से कबीरधाम जिले के कार्यकर्ताओं एवं युवाओं में विशेष उत्साह का वातावरण है। जिले के कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में विद्यार्थी परिषद का संगठनात्मक विस्तार और अधिक प्रभावी रूप से होगा तथा जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने का कार्य गति पकड़ेगा।
दायित्व प्राप्त होने पर मानस मिश्रा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक महाविद्यालय, विद्यालय एवं छात्रावास तक परिषद के कार्यों को पहुंचाने तथा छात्र-समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना से कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। परिषद विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक समरसता, शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव तथा राष्ट्रहित के विषयों पर निरंतर कार्य करती है। कबीरधाम जिले में भी संगठन छात्रहित एवं राष्ट्रहित के विभिन्न कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करेगा।
मानस मिश्रा के जिला संयोजक बनने पर जिले के कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में कबीरधाम जिले में विद्यार्थी परिषद नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी तथा छात्र-शक्ति को संगठित कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।


