राजनांदगांव। वार्ड नंबर 42 में रविवार (7 जून) शाम अचानक आग लगने की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद श्रीमती अमृता मोहन सिन्हा एवं समाजसेवी मोहन सिन्हा तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए।
यह आग ढेला बाई के आश्रय स्थल में लगी, जिससे उनका रहने का सहारा पूरी तरह जल गया। घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद ने संबंधित अधिकारियों को सूचना दी तथा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
पार्षद श्रीमती अमृता मोहन सिन्हा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में वार्डवासियों के साथ खड़ा रहना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
स्थानीय नागरिकों ने भी पार्षद की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि घटना की सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के कार्य में सक्रिय सहयोग दिया, और प्रभावित परिवार को तत्काल संभव सहयोग प्राप्त करने का कार्य किया।
*******


