राजनांदगांव। वार्ड क्रमांक 42 एवं 43 के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं उच्च स्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा सामाजिक कार्यकर्ता चेतन यादव ने सुशासन तिहार के दौरान आवेदन प्रस्तुत कर क्षेत्र में पीएम श्री स्कूल खोले जाने की मांग की है।
चेतन यादव ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि वार्ड क्रमांक 42 एवं 43 की बढ़ती जनसंख्या तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को देखते हुए क्षेत्र में एक आधुनिक एवं सुविधायुक्त पीएम श्री स्कूल की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि वार्ड में स्थित सामुदायिक भवन का उपयोग विद्यालय संचालन हेतु किया जा सकता है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास का आधार होती है। यदि वार्ड के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी तो इससे न केवल विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि पूरे वार्ड का सामाजिक एवं आर्थिक विकास भी सुनिश्चित होगा।
चेतन यादव ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों और अभिभावकों के हितों को ध्यान में रखते हुए वार्ड क्रमांक 42 एवं 43 में शीघ्र पीएम श्री स्कूल प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इस मांग को लेकर वार्डवासियों में भी उत्साह देखा जा रहा है तथा अनेक नागरिकों ने इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।


