IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

छोटुपारा के रिटर्निंग वॉल निर्माण में गड़बड़ी: पुराने सूचना बोर्ड को बताया नया, 17 लाख की राशि पर उठे सवाल

कवर्धा XReporter News।।  जिले के स.लोहारा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत – छोटुपारा में मनरेगा योजना के तहत पैठु तालाब में लगभग 17 लाख रुपये की लागत से बनाए गए रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और शासन की राशि के दुरुपयोग के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि न केवल इस कार्य में बल्कि जनपद स.लोहारा की अन्य ग्राम पंचायतों में भी मनरेगा नियमों को दरकिनार कर कार्य किए जा रहे हैं, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

पुराने सूचना बोर्ड को बताया नया
मनरेगा के तहत किसी भी निर्माण कार्य की शुरुआत से पहले कार्यस्थल पर सूचना बोर्ड लगाया जाना अनिवार्य होता है, जिसमें कार्य से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज रहती हैं। लेकिन छोटुपारा में संबंधित एजेंसी द्वारा इस नियम की अनदेखी की गई। आरोप है कि यहां नया सूचना बोर्ड लगाने के बजाय पहले से बने पचरी निर्माण कार्य के पुराने बोर्ड को ही नया बताकर प्रस्तुत किया गया।

अधूरी जानकारी वाला बोर्ड
स्थल पर लगे सूचना बोर्ड में कार्य का प्रारंभ दिनांक 31 जनवरी 2026 दर्शाया गया है, लेकिन पूर्णता दिनांक अब तक अंकित नहीं किया गया है। जबकि वर्तमान तिथि 27 अप्रैल 2026 हो चुकी है, इसके बावजूद बोर्ड में कोई अद्यतन जानकारी नहीं जोड़ी गई है।

नया टाइल्स लगाकर बोर्ड को दिखाया नया:-
ग्रामीणों के अनुसार, पुराने सूचना बोर्ड में मनरेगा एवं छत्तीसगढ़ शासन के नए टाइल्स लगाकर उसे नया बोर्ड दर्शाया गया है। इस तरह पुराने बोर्ड को नया बताकर बिल निकालना कहीं न कहीं भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने जैसा प्रतीत होता है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य में फर्जीवाड़ा कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया है।

मिलीभगत के आरोप
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों, तकनीकी अमले और कार्य एजेंसी के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इसी कारण मनरेगा नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है और शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

error: Content is protected !!