बंधिया तालाब के रिटर्निंग वाल निर्माण में भारी गड़बड़ी, जांच की मांग तेज, जांच न होना मिलीभगत की आशंका
कवर्धा XReporter News।। जिले के जनपद स.लोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंघनपुरी (गो) के आश्रित ग्राम पेन्ड्री खुर्द में लगभग 19 लाख रुपये की लागत से बंधिया तालाब में बनाए गए रिटर्निंग वाल निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता को दरकिनार करते हुए काम किया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, मनरेगा के नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भी कार्यस्थल पर सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जबकि इसके लिए अलग से 3 से 5 हजार रुपये तक की राशि स्वीकृत की जाती है। आरोप है कि सूचना बोर्ड का निर्माण केवल औपचारिकता बनकर रह जाता है और कुछ ही महीनों में उसकी स्थिति खराब हो जाती है।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रिटर्निंग वाल कहीं 5 लेयर (स्टेप) में तो कहीं 4 लेयर में बनाया गया है, जिससे कार्य में एकरूपता की कमी और संभावित भ्रष्टाचार की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा स्वीकृत स्टीमेट और एमबी (मेजरमेंट बुक) का मिलान किया जाए। साथ ही कार्यस्थल पर जाकर लंबाई, ऊंचाई, गहराई और चौड़ाई की वास्तविक माप लेकर गुणवत्ता की पुष्टि की जाए।
इसके अलावा, यह भी आरोप है कि मनरेगा के तहत मजदूरों के बजाय मशीनों से कार्य कराया गया, जो नियमों के विरुद्ध है। इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों, तकनीकी अमले और कार्य एजेंसी की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत और समाचार प्रकाशन के बाद भी अब तक कोई जांच नहीं हुई है, जिससे मिलीभगत की आशंका और गहरा रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।


