IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

राजनांदगांव। अक्षय तृतीया (अक्ती तिहार) के पावन अवसर पर सोमवार को वार्ड नंबर 42 की पार्षद श्रीमती अमृता मोहन सिन्हा द्वारा एक सराहनीय एवं परोपकारी कार्य किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए, बेजुबान पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से उन्होंने अपने ससुर स्वर्गीय श्री महाराजी सिन्हा जी की स्मृति में जल पात्र का वितरण किया।

भीषण गर्मी में बेजुबानों का सहारा
अक्ती तिहार, जिसे छत्तीसगढ़ में कृषि और नई शुरुआत का पर्व माना जाता है, इस दिन श्रीमती सिन्हा ने वार्ड वासियों को जल पात्र वितरित करते हुए उनसे अपील की कि वे अपने घरों के बाहर, छतों और आंगन में पानी भरकर रखें। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान में इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए भी पानी का संकट खड़ा हो जाता है, ऐसे में यह छोटी सी कोशिश कई जानों को राहत दे सकती है।

स्मृति को सेवा से जोड़ा
पार्षद अमृता मोहन सिन्हा ने इस दौरान भावुक होते हुए कहा कि स्वर्गीय महाराजी सिन्हा जी की याद को जीवंत रखने के लिए सेवा से बढ़कर कोई मार्ग नहीं है। अक्ती के शुभ मुहूर्त पर बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। हमारा प्रयास है कि वार्ड का कोई भी जीव प्यासा न रहे।

वार्ड वासियों ने की सराहना
वितरण कार्यक्रम में वार्ड के गणमान्य नागरिक और युवा उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए। मोहल्ले वासियों ने पार्षद की इस संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से इन पात्रों में पानी भरेंगे और प्रकृति संरक्षण में अपना योगदान देंगे।

You missed

error: Content is protected !!