*संभागीय सरस मेला 2026 में दूसरे दिन भी फीकी रही रौनक, प्रचार-प्रसार की कमी बनी वजह*
कवर्धा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) अंतर्गत आयोजित संभागीय सरस मेला 2026 का शुभारंभ 23 मार्च को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया। यह मेला 23 मार्च से 26 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें लगभग 30 से 35 महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं।।

हालांकि मेले के पहले दिन उद्घाटन के दौरान कुछ समय के लिए रौनक देखने को मिली, लेकिन कार्यक्रम शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही माहौल फीका पड़ गया। दूसरे दिन भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ और मेला परिसर में सन्नाटा सा नजर आया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले के लिए पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया गया, जिसके कारण आम जनता की भागीदारी बेहद कम रही। मेले में ज्यादातर महिला समूहों की सदस्य ही दिखाई दीं, जबकि आम लोगों की उपस्थिति नही के बराबर रही।

इसके साथ ही मेले में आम जनता के लिए सुविधाओं का भी अभाव देखने को मिला। न तो कोई विशेष आकर्षण रहा और न ही लोगों को आकर्षित करने के लिए कोई व्यापक व्यवस्था नजर आई। परिणामस्वरूप महिला समूहों द्वारा लगाए गए अधिकांश स्टॉल खाली ही नजर आए।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि इतना बड़ा टेंट और व्यवस्थाएं करने के बावजूद जब भीड़ नहीं जुट पाई, तो यह कहीं न कहीं शासकीय राशि के दुरुपयोग की ओर इशारा करता है। लोगों का मानना है कि यदि सही तरीके से प्रचार-प्रसार किया जाता, तो मेले में अच्छी खासी भीड़ उमड़ सकती थी और महिला समूहों को भी लाभ मिलता।
अब देखने वाली बात होगी कि आगामी दिनों में प्रशासन इस ओर ध्यान देता है या फिर मेला यूं ही फीका बना रहता है।


