IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

*यूट्यूब देखकर एटीएम काटने की साजिश नाकाम, गैस कटर के साथ आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार*

कवर्धा। कबीरधाम जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी लोहारा कृष्ण कुमार चन्द्राकर के दिशा-निर्देशन में कबीरधाम पुलिस द्वारा सतत निगरानी एवं सघन रात्रि गश्त की जा रही है।

दिनांक 04.02.2026 को पंजाब नेशनल बैंक शाखा लोहारा के शाखा प्रबंधक द्वारा एटीएम मशीन को गैस कटर से काटने के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना स. लोहारा में अपराध कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना के पश्चात पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह द्वारा मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जिले के सभी एटीएम की लगातार निगरानी रखने तथा रात्रि गश्त के दौरान प्रत्येक घंटे एटीएम का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में थाना स. लोहारा पुलिस द्वारा लगातार एटीएम चेकिंग की जा रही थी। दिनांक 24.03.2026 की रात्रि गश्त के दौरान जब पुलिस टीम एटीएम का निरीक्षण कर रही थी, उसी समय एक व्यक्ति एटीएम के पास संदिग्ध अवस्था में पाया गया। पुलिस द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे तत्काल घेराबंदी कर पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपी नंदलाल साहू पिता रद्दू साहू उम्र 30 वर्ष, निवासी छोटूपारा थाना स. लोहारा द्वारा बताया गया कि वह भारी कर्ज से दबा हुआ था और एक ही बार में अपने कर्ज से मुक्ति पाने के लिए उसने यूट्यूब चैनलों पर एटीएम मशीन काटने के तरीके देखे। इन्हीं वीडियो से प्रेरित होकर उसने एटीएम काटकर पैसा चोरी करने की योजना बनाई, ताकि प्राप्त रकम से वह अपनी पूरी उधारी चुका सके।

आरोपी द्वारा पूर्व में सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर लोहारा एवं छुईखदान क्षेत्रों में विभिन्न एटीएम मशीनों को गैस कटर से काटकर चोरी का प्रयास किया गया, किन्तु हर बार असफल रहा। विवेचना के दौरान आरोपी से घटनास्थलों पर सीन रीक्रिएट भी कराया गया, जिसमें उसने विस्तार से बताया कि वह किस प्रकार गैस कटर, सिलेंडर एवं अन्य उपकरणों का उपयोग कर एटीएम मशीन को काटने का प्रयास करता था।

आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल CG07AP0793, गैस कटर मशीन, गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन सिलेंडर, लोहे का सब्बल, काला रेनकोट, गमछा, लाल कंबल एवं मोटरसाइकिल छिपाने के लिए उपयोग किए गए कपड़े जप्त किए गए हैं।

कबीरधाम पुलिस की सतर्कता, वरिष्ठ अधिकारियों के स्पष्ट दिशा-निर्देश, निरंतर निगरानी एवं रात्रि गश्त की प्रभावी व्यवस्था के कारण आरोपी को रंगे हाथ पकड़कर एक बड़ी वारदात को होने से पूर्व ही विफल कर दिया गया।

आरोपी के विरुद्ध विधिसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के लालच में न आएं तथा पैसे कमाने के लिए किसी भी प्रकार के शॉर्टकट या आपराधिक गतिविधियों का सहारा न लें, बल्कि विधिसंगत एवं ईमानदार तरीके से कार्य करें।

इस सराहनीय कार्यवाही में थाना स. लोहारा प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी अनंत, आरक्षक दुर्गेश टंडन, बलराम जायसवाल, राजू सोनवानी, बिनेश पोरते, तुषांत साहू, सीसीटीएनएस ऑपरेटर रवि जायसवाल एवं अन्य स्टॉफ का विशेष एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा।

You missed

error: Content is protected !!