*सुषमा गणपत बघेल ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा – यह मांग क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है*
कवर्धा। केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की मुलाकात, NH-30 के उन्नयन और बाईपास निर्माण पर जोर कवर्धा क्षेत्र के सड़क विकास को लेकर महत्वपूर्ण पहल करते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) के उन्नयन सहित कई अहम मांगें रखीं। इस दौरान कवर्धा के लिए बाईपास निर्माण और धवईपानी (चिल्फी) से सिमगा तक सड़क को 4-लेन में विकसित करने का प्रस्ताव प्रमुख रूप से रखा गया।

मुलाकात के दौरान बताया गया कि हाल ही में जबलपुर–मंडला–चिल्फी सेक्शन (लगभग 160 किलोमीटर) को 4-लेन में विकसित करने की स्वीकृति दी गई है, जिस पर अग्रिम कार्रवाई जारी है। यह मार्ग आगे चलकर कवर्धा क्षेत्र को जोड़ते हुए रायपुर तक पहुंचता है, जहां वर्तमान में कई हिस्सों में सड़क केवल 2-लेन की है।
धवईपानी (मध्यप्रदेश सीमा) से सिमगा तक NH-30 का लगभग 122 किलोमीटर लंबा हिस्सा वर्तमान में 10 मीटर चौड़ाई की 2-लेन सड़क के रूप में निर्मित है, जिसमें कुछ भाग डामरीकृत और कुछ कंक्रीट सड़क के रूप में विकसित है। इस मार्ग पर भारी और व्यावसायिक वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में जब जबलपुर–मंडला–चिल्फी खंड 4-लेन में तैयार हो जाएगा, तो आगे के 2-लेन हिस्से पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है।
इसी को ध्यान में रखते हुए उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि धवईपानी (चिल्फी) से सिमगा (रायपुर) तक के पूरे NH-30 सेक्शन को 4-लेन में उन्नयन की स्वीकृति प्रदान की जाए। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास, व्यापारिक गतिविधियों और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
इसके साथ ही कवर्धा शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए बाईपास निर्माण की आवश्यकता भी प्रमुखता से रखी गई, जिससे शहर में जाम की समस्या से राहत मिल सके।
इस पहल पर सुषमा गणपत बघेल ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मांग क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।


