राजनांदगांव। शहर में चारों ओर अवैध प्लाटिंग की बाढ़ सी आ गई है। प्रशासन के नाक के नीचे यह खेल लंबे अर्से से चल रहा है। तमाम लिखित शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने एक भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की उल्टा कुम्भकर्णी नींद सोते रहे। नगर निगम तो तख़्ती लगाते थक गई, पर मजाल है कोई अवैध प्लाटिंग करने वालों को रोक पाए। जब कभी कार्रवाई की गई तो सिर्फ दिखावे के लिए। अवैध प्लाटिंग के खिलाफ ऐसी ही कार्रवाई इस बार जिला प्रशासन ने की है, अब इसके पीछे की वजह क्या है? यह अफसर जानते है या फिर हमें ही कोई गहरी पड़ताल करनी होगी। जानकारी अनुसार जिला प्रशासन द्वारा लखोली क्षेत्र और प्रेस क्लब के पीछे चल रही लगभग 30 एकड़ पर अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग तथा शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए जेसीबी मशीनों एवं अन्य संसाधनों की सहायता से हटाया गया है। जिसमें खसरा नंबर 517 / 1 रकबा के 0.693 हेक्टेयर, संतोषी नगर लखोली स्थित खसरा नंबर 675 / 1 रकबा के 0.102 हेक्टेयर, रायपुर नाका लखोली स्थित खसरा नंबर 71 / 9 रकबा के 0.179 हेक्टेयर, खसरा नंबर 71 / 28 रकबा 0.202 हेक्टेयर, खसरा नंबर 71/8 रकबा 0.179 हेक्टेयर, खसरा नंबर 71 / 27 रकबा 0.202 हेक्टेयर से अवैध प्लाटिंग एवं अतिक्रमण हटाया गया है। इस दौरान अवैध प्लाटिंग एवं अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण नहीं करने की हिदायत दी गई। अब देखना यह है कि अवैध प्लाटिंग करने वाले प्रशासन की हिदायत को गंभीर रूप से लेते हैं या नहीं…?
——————-


