*पिछड़ी जनजाति आवासीय विद्यालय की बैगा छात्रा की संदिग्ध मौत*

कवर्धा।। जिले के पंडरिया विकासखंड स्थित पोलमी विशेष पिछड़ी जनजाति आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत एक बैगा छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृत छात्रा की पहचान राजेश्वरी बैगा, उम्र लगभग 11 वर्ष, कक्षा 6वीं के रूप में हुई है।।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रावास में अचानक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद परिजनों को सूचना देकर छात्रा को घर ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि रात में फिर अचानक तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ने पर परिजन उसे कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही छात्रा ने दम तोड़ दिया।
इस पूरे मामले में आवासीय विद्यालय प्रबंधन और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद भी विभाग के कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।


