शासकीय कर्मचारियों को अब ईलाज के लिए नहीं नापनी पड़ेगी लम्बी दूरी: चोवाराम साहू
जिला मुख्यालय कवर्धा का निजी अस्पताल शासकीय कर्मचारियों के लिए मान्य
कबीरधाम। जिले के शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को अब ईलाज के लिए अपने जिले से बाहर दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ेगा। क्योंकि कवर्धा विधायक एवं मंत्री मो़ के प्रयासों से इस बार प्रदेश की भूपेश सरकार ने प्रदेश और राज्य के बाहर स्थित मान्यता प्राप्त निजी चिकित्सालयों की सूची में कवर्धा के एक निजी अस्पताल को भी सूची में शामिल किया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा मंत्री मो़ अकबर की इस पहल पर कृषि उपज मण्डी के उपाध्यक्ष चोवाराम साहू ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उन्होने कहा कि कवर्धा विधायक व मंत्री मो़ अकबर हर वर्ग, हर समुदाय की आवश्यकता और पीड़ा को महसूस करते हुए कार्य कर रहे हैं। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद यह पहली बार है जब कबीरधाम जिले के किसी निजी अस्पताल को शासन ने शासकीय कर्मचारियों के ईलाज के लिए मान्य किया है। श्री साहू ने बताया कि इससे पूर्व शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर सहित दूसरे राज्यों के ही अस्पतालों को ही मान्यता दी जाती थी। लेकिन अब कबीरधाम जिले के जिला मुख्यालय कवर्धा स्थित चंद्रयान हेल्थ केयर हॉस्पिटल, को अपनी सूची में शामिल कर शासन ने जिले के शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को बड़ी राहत दी है।
कृषि उपज मण्डी कवर्धा के उपाध्यक्ष चोवाराम साहू ने बताया कि चंद्रयान हेल्थ केयर हॉस्पिटल मंम जनरल सर्जरी, गायनोलॉजिस्ट, आर्थोपेडिक और जनरल मेडिसिन की सुविधाएं उपलब्ध है। ऐसे में अब शासकीय कर्मचारियों व उनके आश्रितों को ईलाज के लिए लम्बी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें शासकीय प्रावधानों के तहत जिला मुख्यालय कवर्धा में ही बेहतर ईलाज मुहैया हो पाएगी। उन्होने कहा कि निश्चित रूप से कर्मचारियों के लिए शासन की यह एक बड़ी सौगात है।

Bureau Chief kawardha