✍️ कर्णकान्त श्रीवास्तव
एक्स रिपोर्टर न्यूज़। राजनांदगांव
बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल में इन दिनों लाखों रुपए की लागत से एफ्लूएंट ट्रीटमेंट प्लांट (E.T.P.) का निर्माण किया जा रहा है। कुछ ही महीनों में काम पूरा होने के बाद प्लांट को चालू कर दिया जाएगा। प्लांट के चालू होते ही अस्पताल से निकलने वाला विभिन्न तरह के गंदे पानी को जीवाणु विषाणु रोधक उपचार करने के बाद नालियों में छोड़ा जाएगा, जिससे आसपास संक्रमण फैलने का खतरा खत्म हो जाएगा।
जानकारी अनुसार अस्पताल से रोज लिक्विड वेस्ट के रूप में कई तरह की गंदगी निकलती है। इसमें सर्जरी के दौरान निकलने वाला रक्त, लिक्विड गंदगी और दवाओं के केमिकल भी शामिल रहते हैं। ये गंदा पानी सीधे नाली में बहाए जाने से आसपास की आबादी में संक्रमण फैलने का सबसे अधिक खतरा होता है। आबादी में संक्रमण फैलने के खतरे को देखते हुए केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड ने अस्पतालों में ईटीपी लगाना अनिवार्य कर दिया है। इसी के बाद जिला अस्पताल में ईटीपी का निर्माण कराया जा रहा है।
नाले के पास बना रहे प्लांट ताकि उपचारित पानी सीधे बाहर निकले
जिला अस्पताल परिसर के पूर्वी भाग में नाले के समीप प्लांट तैयार किया जा रहा है। ताकि ट्रीट होने के बाद पानी सीधे नाले में बह जाए। यही नहीं अस्पताल का गंदा पानी पहले प्लांट में जाएगा जहां विभिन्न चैंबर बनाए गए हैं। इन चैंबर में पहले गंदा पानी आएगा जो कि कैमिकल के जरिए साफ करके आउट चैंबर से नाली में जाएगा।
सीवरेज लाइन जहां करीब, वहां खतरा ज्यादा
अस्पताल में इलाज, ऑपरेशन और मरीजों के जरिए इस्तेमाल के बाद निकलने वाले गंदे पानी से संक्रमण फैलाव का खतरा होता है। खासतौर पर उन इलाकों में सबसे ज्यादा रहता है जहां सीवरेज की लाइन और पीने के पानी की लाइन अस्पताल से बहने वाले पानी के काफी करीब से गुजरती है। कई बार पीने के पानी की लाइन में लीकेज आ जाने से नाली का पानी भी चला जाता है। जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। लेकिन ट्रीटमेंट प्लांट बनने के बाद यह समस्या नहीं रहेगी।
सीजीएमएससी करा रहा निर्माण
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. केके जैन ने बताया कि लगभग 30 से 35 लाख रुपए की लागत से ईटीपी का निर्माण अस्पताल परिसर में किया जा रहा है। आने वाले 3 महीनों में यह बनकर तैयार हो जाएगा। इससे अस्पताल से निकलने वाले गंदे पानी को उपचारित करने में आसानी होगी।
*******
कर्णकांत श्रीवास्तव
(B.J.M.C.)
सीनियर जर्नलिस्ट, फाउंडर एंड चीफ एडिटर- एक्स रिपोर्टर न्यूज़ वेबसाइट, मीडिया प्रभारी- जिला पत्रकार महासंघ राजनांदगांव एवं विशेष सदस्य- प्रेस क्लब राजनांदगांव।
मो. 9752886730


