राजनांदगांव 15 मई। रामायण मण्डलियो को प्रोत्साहित करने गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य स्तरीय रामायण मण्डली प्रतियोगिता आयोजित करने छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग मंत्रालय रायपुर से प्राप्त दिशा निर्देश एवं जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम द्वारा नगरीय निकाय स्तरीय रामायण मण्डली प्रतियोगिता कल दिनांक 16 मई 2023 मंगलवार को सर्वेश्वरदास स्कूल स्थित गांधी सभागृह में प्रातः 11ः00 बजे से आयोजित किया गया है। रामायण प्रतियोगिता को सफल बनाने महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख ने संस्कारधानी के मानस प्रेमियों से उपस्थिति की अपील की है।
महापौर श्रीमती देशमुख ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश की रामायण मण्डलियों को प्रोत्साहित करने राज्य स्तरीय रामायण प्रतियोगिता का आयोजन गत वर्ष से किया जा रहा है। इसी कडी में इस वर्ष भी नगरीय निकाय, विकास खण्ड, जिला स्तर तथा राज्य स्तर पर रामायण प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा, आयोजन में नगरीय निकाय स्तरीय रामायण प्रतियोगिता 16 मई 2023 को आयोजित किया गया है। प्रतियोगिता में संस्कृति विभाग के चिन्हारी पोर्टल में पंजीकृत रामायण मण्डली अपनी प्रस्तुति देगे। प्रतियोगिता में जूरी (चयन समिति) के सदस्य श्रेष्ठ रामायण मण्डली का चयन करेगे। नगरीय निकाय स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित मण्डली विकास खण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रस्तुति देगे। उन्होंने कहा कि आयोजन का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को रामायण से जोडना है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिये निगम आयुक्त श्री अभिषेक गुप्ता ने अधिकारियों व कर्मचारियों को दायित्व सौपा है।
महापौर श्रीमती देशमुख ने पार्षदों, नामांकित पार्षदों, गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं एवं मानस प्रेमियों से कल 16 मई मंगलवार को प्रातः 11ः00 बजे सर्वेश्वरदास स्कूल स्थित गांधी सभागृह में उपस्थित होकर नगरीय निकाय स्तरीय प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है।


