राजनांदगांव। प्रधानमंत्री आवास में अवैध कब्जा का मामला गरमा गया है। कब्जा खाली करवाने गए निगम अफसरों पर कब्जाधारियों ने घूस लेकर मकान देने का आरोप लगाया था, ठीक इसके दूसरे दिन गुरुवार को दोबारा टीम कब्जा हटाने पहुंची तो वहीं की एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला नगर निगम की कार्रवाई का विरोध कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, लखोली क्षेत्र में नगर निगम की ओर से पीएम आवास बनाए गए हैं। इसमें कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। इन कब्जाधारकों से आवास खाली कराने के लिए निगम ने पहले नोटिस जारी किया। इसके बाद कार्रवाई शुरू कर दी। एक दिन पहले भी कुछ कब्जाधारकों को हटाया गया था। गुरुवार को निगम की टीम फिर से अवैध रूप से रह रहे लोगों से आवास खाली कराने के लिए पहुंच गई।
विरोध में किया आत्मदाह का प्रयास
इन्हीं में से एक आवास में याशमीन बेगम भी रहती है। निगम की कार्रवाई के विरोध में वह पेट्रोल से भरा डिब्बा लेकर बाहर आ गई। अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेला और चिल्लाते हुए कहा कि आवेदन के बाद भी उसे अब तक मकान नहीं दिया गया है। अब यहां वह अपने बच्चों के साथ रह रही है तो उसे भी खाली करा रहे हैं। ऐसे में वह अपने बच्चों को लेकर कहां जाएगी। इतना कहते हुए महिला ने माचिस से खुद को आग लगा ली।
तमाशबीन बने रहे लोग
इस दौरान लोग तमाशबीन बने सब देखते रहे। जैसे ही महिला धू-धू कर जलने लगी तो लोग दौड़कर वहां से भाग निकले। इसके बाद कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और महिला पर पानी डालकर आग बुझाई। फिर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरी घटना के दौरान लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने भी महिला को रोकने का प्रयास नहीं किया।
एसपी ने कहा मामले की जांच करेंगे
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि, प्रधानमंत्री योजना में जो आवास बने हैं, उसके आवंटन को लेकर मामला है। इसमें कुछ लोग अवैध रूप से रह रहे थे। इनको नोटिस जारी किया गया था। इस नोटिस की तामील के लिए निगम की टीम गई थी। महिला तलाकशुदा है और सड़क किनारे कपड़ा बेचने का काम करती है। मामले की जांच की जा रही है। इसके आधार पर आगे कार्रवाई करेंगे।
