IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow
  • घुमका को नगर पंचायत बनाने की घोषणा
  • घुमका में खुलेगा स्वामी आत्मा अंग्रेजी माध्यम स्कूल और तहसील कार्यालय तीन माह में पूर्ण तहसील के रूप में कार्य करेगा
  • बघेरा में खुलेगी सहकारी बैंक की शाखा
  • घुमका से गोपालपुर सड़क चौड़ीकरण
  • हडुवा, खारा और मुरमुंदा हाई स्कूल का होगा हायर सेकेण्ड्री स्कूल में उन्नयन

राजनांदगांव 15 नवम्बर 2022। भेंट-मुलाकात में राजनांदागांव जिले की डोंगरगढ़ विधानसभा के ग्राम घुमका पहुंचे मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्रवासियों के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने घुमका को नगर पंचायत बनाने, घुमका में स्वामी आत्मा अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने की घोषणा की। पूर्व में घुमका को तहसील बनाने की घोषणा के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 3 महीने के भीतर घुमका का तहसील कार्यालय पूर्ण तहसील के रूप में कार्य करने लगेगा। उन्होंने बघेरा में सहकारी बैंक की शाखा खोलने, रूसे बांध की नहरों में नहर लाइनिंग, घुमका से गोपालपुर सड़क चौड़ीकरण, तेंदुनाला जलाशय में नहर लाइनिंग और उसके विस्तार, जेवर कट्टा जलाशय में नहर लाइनिंग, हडुवा, खारा और मुरमुंदा हाई स्कूल के हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नयन की घोषणा की। इस अवसर पर खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत और विधायक श्री भुवनेश्वर शोभाराम बघेल भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर भेंट-मुलाकात की शुरूआत की। यहां मुख्यमंत्री श्री बघेल ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को पोषण किट, सिलाई मशीन, गैस सिलेंडर, बीज किट सहित विभिन्न सामग्रियों का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम घुमका में रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनारवरण किया। उन्होंने ग्राम देवरीडीह में मां शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, यह जानने आया हूँ। हम लोग योजनायें बनाते हैं इनका जमीनी क्रियान्वयन कैसा है यह देखने आप लोगों के बीच आया हूँ। उन्होंने कहा कि पंथी नृत्य से आप लोगों ने स्वागत किया। फिर करी लड्डू से तौला। आपके स्नेह से अभिभूत हूँ। किसानों की ऋणमाफी से अपनी बात शुरू करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी न्याय योजना से किसानों को हमने लाभान्वित किया। गन्ने की सबसे ज्यादा कीमत हमारे यहां है। कोदो कुटकी हम लोग खरीद रहे हैं। इस साल फसल काफी अच्छी है, घुमका में मैंने देखा कि मुरूम वाली भूमि है फिर भी भरपूर फसल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज डोंगरगांव में पारधी जाति के लोगों ने जाति प्रमाणपत्र की बात आई। मध्यप्रदेश में कुछ चुनिंदा जिले में यह जाति अधिसूचित थी। अब मैंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पारधी जाति के लोगों को जाति प्रमाणपत्र के लिए विशेष रूप से कार्य करें और जो तकनीकी दिक्कत है उसे दूर करें। श्री बघेल ने कहा कि भेंट मुलाकात से कितना लाभ होता है, एक पारधी जाति की बेटी ने अपनी बात रखी और प्रदेश भर के पारधी जाति के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

By Amitesh Sonkar

Sub editor

You missed

error: Content is protected !!