IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

*कवर्धा शहर में यातायात सुधारने नगर पालिका का बड़ा फैसला*

*शहर के प्रमुख मार्ग होंगे नो-वेंडिंग जोन, सड़क घेरकर कारोबार करने वालों पर होगी कार्रवाई*

कवर्धा।। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव, मुख्य मार्गों पर व्यवसायिक गतिविधियों के कारण होने वाले अवरोध और आम नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए नगर पालिका परिषद कवर्धा ने बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। परिषद की बैठक में चर्चा के बाद शहर के प्रमुख मार्गों को नो-वेंडिंग जोन घोषित करने की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही यातायात को प्रभावित करने वाले चबूतरा, ठेला, गुमटी एवं अन्य प्रकार के व्यवसायिक अवरोधों को चिन्हांकित कर हटाने का भी निर्णय लिया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों में व्यवसाय एवं व्यापार के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र निर्धारित करने पर विचार किया गया। यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और सड़कों को सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से प्रस्तावित क्षेत्रों की समीक्षा के बाद कुछ क्षेत्रों को प्रस्ताव से हटाते हुए शेष क्षेत्रों को नो-वेंडिंग जोन घोषित करने की स्वीकृति दी गई।

*इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा फोकस*
नगर पालिका परिषद द्वारा प्रस्तावित नो वेडिंग क्षेत्रों में अंबेडकर चौक से सर्किट हाउस होते हुए हनुमंत वाटिका तक, अंबेडकर चौक से सिग्नल चौक तक, सिग्नल चौक से ऋषभ देव चौक तक, सिग्नल चौक से ठाकुर देव चौक तक, सिग्नल चौक से परशुराम झंडा चौक तक तथा दंतेश्वरी मंदिर जाने वाले मार्ग से मिनीमाता चौक तक के क्षेत्र शामिल किए गए हैं।

*सड़क पर व्यवसाय के कारण बढ़ रहा था यातायात दबाव*
शहर के प्रमुख मार्गों पर कई स्थानों पर दुकानों के सामने चबूतरे, ठेले, गुमटियां एवं अन्य अस्थायी संरचनाओं के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इससे वाहनों के आवागमन के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यस्त समय में इन स्थानों पर यातायात का दबाव और बढ़ जाता है। नगर पालिका परिषद द्वारा अब ऐसे स्थानों को चिन्हांकित कर व्यवस्थित कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य किसी के व्यवसाय को अनावश्यक रूप से प्रभावित करना नहीं, बल्कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों को यातायात के लिए सुगम एवं व्यवस्थित रखना है।

*नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा जनसुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता*
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात को देखते हुए सड़कों को व्यवस्थित और अतिक्रमणमुक्त रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का पहला उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, “शहर के प्रमुख मार्गों पर यदि सड़क का हिस्सा चबूतरे, ठेले, गुमटियों या अन्य व्यवसायिक गतिविधियों के कारण घिर जाता है तो इसका सीधा असर यातायात और आम नागरिकों की सुविधा पर पड़ता है। परिषद ने जनहित को ध्यान में रखते हुए नो-वेंडिंग जोन निर्धारित करने का निर्णय लिया है। यातायात को प्रभावित करने वाले स्थानों को चिन्हांकित कर नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।” श्री चंद्रवंशी ने कहा कि व्यवस्थित बाजार और सुगम यातायात किसी भी शहर की पहचान होते हैं। नगर पालिका द्वारा शहर के विकास के साथ-साथ यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और सार्वजनिक स्थानों के बेहतर प्रबंधन पर भी लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से भी अपील की कि वे सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह से व्यवसाय न करें जिससे दूसरे लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो।

*नियमों का पालन नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई-सीएमओ*
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि नगर पालिका द्वारा अब संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर यातायात प्रभावित करने वाले चबूतरा, ठेला, गुमटी और अन्य व्यवसायिक गतिविधियों को चिन्हांकित किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय से शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नो-वेंडिंग जोन लागू होने के बाद प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सुगम होने, पैदल यात्रियों को राहत मिलने और बाजार क्षेत्रों में यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!