*अभाविप कबीरधाम के कार्यकर्ताओं ने मनाया शिक्षक दिवस*
कवर्धा।। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कबीरधाम के सभी इकाइयों द्वारा आज महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर कवर्धा, पांडातराई एवं बोड़ला इकाई सहित जिले की विभिन्न इकाइयों के कार्यकर्ताओं ने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पहुंचकर शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षक के महत्व और उनके योगदान से परिचित कराया गया।
अभाविप के जिला संयोजक मानस मिश्रा ने बताया कि माता-पिता हमें जन्म देकर जीवन देते हैं, लेकिन शिक्षक हमें उस जीवन को सही दिशा में जीने का तरीका बताते हैं। शिक्षक केवल हमें शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि हमारे व्यक्तित्व का निर्माण करते हुए हमें संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
शिक्षक दिवस के अवसर पर अभाविप कार्यकर्ताओं ने समाज एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्मरण करते हुए सभी शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में जिले के सभी प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


