IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

सिल्हाटी बस स्टैंड का मूत्रालय एवं सार्वजनिक नाली अतिक्रमण की भेंट चढ़ी

 कवर्धा।। जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सिल्हाटी में इन दिनों शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आला अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत पदाधिकारियों की कथित उदासीनता के चलते शासकीय जमीन अतिक्रमणकारियों के लिए चारागाह बन गई है।

सिल्हाटी निवासी दिलीप/दिलेेश सोनी ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में आरोप लगाया है कि सिल्हाटी बस स्टैंड में पूर्व में निर्मित सार्वजनिक नाली एवं मूत्रालय पर कथित रूप से अतिक्रमण कर होटल एवं मकान का निर्माण कर लिया गया है। उनका आरोप है कि उक्त निर्माण शासकीय भूमि पर ग्राम पंचायत से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लिए बिना किया गया है।

अतिक्रमण के कारण बस स्टैंड में अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है तथा आम नागरिकों एवं बस स्टैंड से आवागमन करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाई गई नाली एवं मूत्रालय के बाधित होने से स्वच्छता व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

श्री सोनी ने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय भूमि की जांच कराकर कथित अतिक्रमण को हटाया जाए तथा बस स्टैंड की भूमि को शासन के कब्जे में लेकर आम नागरिकों एवं यात्रियों की सुविधा के लिए सर्वसुविधायुक्त सुलभ शौचालय एवं आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण कराया जाए।

उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि सिल्हाटी बस स्टैंड में आने-जाने वाले यात्रियों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

error: Content is protected !!