दलदल नुमा सड़क से ग्रामीण बेहाल,प्रशासन से लगाई निर्माण की गुहार
पंडरिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरवार कला की मुख्य सड़क बदहाल, बरसात में आवागमन हुआ दूभर
कवर्धा। पंडरिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरवार कला के ग्रामीणों ने गांव की मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र निर्माण की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने स्थानीय समाचार पत्र के माध्यम से अपनी समस्या प्रमुखता से प्रकाशित करने का अनुरोध किया है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार ग्राम की मुख्य सड़क लंबे समय से अत्यंत खराब स्थिति में है। बरसात के दौरान सड़क पूरी तरह कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और महिलाओं को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इसी मार्ग पर आंगनबाड़ी केंद्र स्थित है, जहां छोटे-छोटे बच्चे और महिलाएं प्रतिदिन आते-जाते हैं। साथ ही विद्यालय जाने वाले विद्यार्थियों को भी इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। बरसात के कारण सड़क फिसलनयुक्त होने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि किसान इसी मार्ग से अपने खेतों तक पहुंचते हैं और कृषि उपकरण तथा उपज का परिवहन करते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सड़क निर्माण या मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में निराशा और आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत खैरवार कला की मुख्य सड़क का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
“”बरसात के चलते कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हुई ग्राम पंचायत खैरवार कला की मुख्य सड़क, आवागमन में ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानी।


