आमंत्रण पत्र से फिर गायब रहा जनपद अध्यक्ष का नाम, बार बार गलती या जानबूझकर उपेक्षा, उठ रहे सवाल
कवर्धा।। सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत 6 जुलाई 2026 को शासकीय पी.जी. कॉलेज ग्राउंड, कवर्धा में आयोजित जिला स्तरीय कृषक संगोष्ठी के आमंत्रण पत्र में एक बार फिर जनपद पंचायत कवर्धा के अध्यक्ष का नाम शामिल नहीं किया गया। इसे लेकर जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जारी आमंत्रण पत्र में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधियों के नाम प्रकाशित किए गए हैं, लेकिन जनपद पंचायत कवर्धा के अध्यक्ष का नाम फिर से अनुपस्थित है। इससे यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह केवल लापरवाही है या फिर किसी प्रकार की जानबूझकर की गई उपेक्षा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद पंचायत ग्रामीण विकास और स्थानीय प्रशासन की महत्वपूर्ण इकाई है। ऐसे में जिला स्तरीय सरकारी कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र से जनपद अध्यक्ष का नाम बार-बार गायब होना उचित नहीं माना जा सकता।
अब यह देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले को महज त्रुटि मानकर सुधार करता है या इस संबंध में कोई स्पष्ट स्पष्टीकरण देता है। जनप्रतिनिधियों के सम्मान और प्रोटोकॉल को लेकर भी इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


